Bareilly News: नौमहला मलिन बस्ती में चला विशेष स्वच्छता अभियान, जनप्रतिनिधियों ने झाड़ू लगाकर दिया स्वच्छता का संदेश
Sandesh Wahak Digital Desk: माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में नगर निगम द्वारा वार्ड संख्या-09, नौमहला स्थित मलिन बस्ती (बरेली) में विशेष स्वच्छता अभियान, प्लास्टिक अपशिष्ट निस्तारण कार्यक्रम एवं जनसमस्या समाधान शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण करना रहा।
अभियान के तहत सार्वजनिक स्थलों, नालियों और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई की गई। साथ ही नागरिकों को प्लास्टिक कचरे के पृथक्करण और उचित निस्तारण के तरीकों की जानकारी दी गई।
“सरकार आपके द्वार” अभियान के अंतर्गत आयोजित जनसमस्या समाधान शिविर में पेंशन, विद्युत, पूर्ति, स्वास्थ्य, स्वच्छता समेत विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए, जहां आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और कई शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया गया।
विशेष स्वच्छता अभियान के दौरान सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार, महापौर डॉ. उमेश गौतम, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल और जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने नौमहला मलिन बस्ती में सड़क पर झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया। इस अवसर पर स्वच्छता ही सेवा की शपथ भी दिलाई गई।
सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि समाधान शिविरों के माध्यम से नागरिक अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों के समक्ष रख सकते हैं और उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है।

महापौर डॉ. उमेश गौतम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में नगर निगम जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं का समाधान कर रहा है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार की नहीं, बल्कि समाज के हर नागरिक की जिम्मेदारी है और स्वच्छ शहर से ही स्वस्थ जीवन संभव है।
कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने कहा कि स्वच्छता अभियान का उद्देश्य व्यवहार में बदलाव लाना है। यदि हर नागरिक घर, परिवार और सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता का ध्यान रखे, तो शहर को साफ और स्वस्थ बनाया जा सकता है।
जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कहा कि “जनता के द्वारा चुनी गई सरकार, जनता के द्वार” की भावना के अनुरूप यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है।
इसका मकसद मलिन बस्तियों में रहने वाले प्रत्येक परिवार की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान करना है। उन्होंने “क्लीन बरेली, हेल्थी बरेली” के संदेश को आगे बढ़ाने की अपील की।
स्थानीय नागरिकों ने स्वच्छता अभियान और समाधान शिविर की सराहना करते हुए इसे जनहित में उपयोगी पहल बताया।
कार्यक्रम में नगर आयुक्त संजीव मौर्य, अपर नगर आयुक्त शशि भूषण राय, पार्षदगण, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
Also Read: ममता बनर्जी को लगा बड़ा झटका, TMC के राज्यसभा सांसद शुखेंदु शेखर रॉय ने दिया इस्तीफा

