Siddharthnagar News: सरकारी योजनाओं को अंतिम श्रमिक तक पहुंचाने पर जोर, डीएम ने दिए सख्त निर्देश

Sandesh Wahak Digital Desk: केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे “12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” अभियान के अंतर्गत श्रम विभाग द्वारा जनपद सिद्धार्थनगर के सभी विकास खंडों में विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।

इसी क्रम में सोमवार को विकास खंड बर्डपुर के सभागार में श्रमिक पंजीकरण एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए विशेष शिविर लगाया गया।

शिविर में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. ने सहायक श्रम आयुक्त को निर्देश दिए कि पात्र श्रमिकों को विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी देकर उनका पंजीकरण सुनिश्चित कराया जाए।

उन्होंने कहा कि विकास खंड स्तर पर ऐसे शिविरों के माध्यम से अधिक से अधिक श्रमिकों को श्रम विभाग की योजनाओं से जोड़ा जाए, ताकि सरकारी लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके। साथ ही ईंट-भट्ठों पर कार्यरत मजदूरों को भी श्रमिक पंजीकरण से जोड़ने के निर्देश दिए।

इस मौके पर सहायक श्रम आयुक्त ओम प्रकाश ने भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड और सामाजिक सुरक्षा बोर्ड की योजनाओं की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि मातृत्व शिशु एवं बालिका मदद योजना, कन्या विवाह सहायता योजना, निर्माण कामगार मृत्यु एवं दिव्यांगता सहायता योजना तथा संत रविदास शिक्षा प्रोत्साहन योजना श्रम विभाग द्वारा संचालित प्रमुख योजनाएं हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि इन योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए श्रमिक कार्ड (बीओसीडब्ल्यू) अनिवार्य है। इसके लिए न्यूनतम 90 दिन के निर्माण कार्य का प्रमाण और 40 रुपये का अंशदान देकर कोई भी पात्र श्रमिक पंजीकरण करा सकता है।

शिविर में श्रम विभाग के अधिकारी, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि, विकास विभाग के कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में श्रमिक मौजूद रहे और उन्होंने पंजीकरण कराकर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।

रिपोर्ट- ज़ाकिर खान

Also Read: Siddharthnagar News: महिला थाना की अनूठी पहल, काउंसलिंग से सुलझे 10 परिवारों के विवाद, एक साथ हुई विदाई

Get real time updates directly on you device, subscribe now.