Bareilly News: अफीम के साथ तस्कर गिरफ्तार, मामा-भांजे का मादक पदार्थों का नेटवर्क उजागर

Bareilly News: मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बरेली की थाना सुभाषनगर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए करेली अंडरपास के आगे बुखारा रोड से 1 किलो 34 ग्राम अवैध अफीम और एक मोबाइल फोन के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।

करेली अंडरपास के पास हुई गिरफ्तारी

जानकारी के अनुसार, 18 सितंबर 2026 को सुभाषनगर पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक अफीम की आपूर्ति करने जा रहा है। सूचना मिलते ही सक्रिय हुई पुलिस टीम ने करेली अंडरपास के पास घेराबंदी कर अभियुक्त कमलजीत उर्फ अमरजीत (19 वर्ष) पुत्र दिनेश पाल, निवासी ग्राम जगतपुर (थाना कैंट, बरेली) को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से 1 किलो 34 ग्राम अफीम और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ।

पूछताछ में अभियुक्त कमलजीत ने खुलासा किया कि बरामद अफीम वह अपने मामा धर्मवीर पुत्र शेर सिंह (निवासी ग्राम कांधरपुर, थाना कैंट, बरेली) से लेकर आया था। अभियुक्त ने बताया कि वह और उसका मामा मिलकर अफीम खरीदने और बेचने का अवैध धंधा करते हैं। वह अफीम को राह चलते फुटकर खरीदारों को बेचने निकला था, तभी पुलिस की हत्थे चढ़ गया।

मामले में थाना सुभाषनगर पर मु.अ.सं. 644/2026 धारा 8/18 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला पंजीकृत किया गया है। पुलिस अभियुक्त के मामा की संलिप्तता की जाँच करते हुए आगे की आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में निरीक्षक सतीश कुमार नैन, उपनिरीक्षक जितेंद्र कुमार, उपनिरीक्षक रोबिन सिंह, मुख्य आरक्षी उमेंद्र सिंह तथा रिक्रूट आरक्षी मनीष भारद्वाज (थाना सुभाषनगर, बरेली) शामिल रहे।

रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया

Also Read: ‘अवतार’ से हो रही अल्लू अर्जुन की ‘राका’ की तुलना, 21 सितंबर को आएगा टीजर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.