‘अवतार’ से हो रही अल्लू अर्जुन की ‘राका’ की तुलना, 21 सितंबर को आएगा टीजर

Allu Arjun Raka: अल्लू अर्जुन की ‘पुष्पा’ और उसके दूसरे पार्ट की सफलता के बाद उनकी अगली फिल्म ‘राका’ को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्सुकता है। फिल्म का निर्देशन एटली कर रहे हैं। इसमें अल्लू अर्जुन के साथ दीपिका पादुकोण लीड रोल में नजर आएंगी। अब फिल्म के विजुअल्स को लेकर ऐसा दावा सामने आया है, जिसने दर्शकों की उम्मीदें और बढ़ा दी हैं।

चेन्नई में विजय सेतुपति की आने वाली तमिल फिल्म ‘बत्था’ के ऑडियो लॉन्च पर कई फिल्ममेकर्स मौजूद थे। इसी दौरान डायरेक्टर सिबी चक्रवर्ती ने एटली की ‘राका’ के विजुअल्स की जमकर तारीफ की।

‘अवतार’ से भी बताया बेहतर 

सिबी चक्रवर्ती ने कहा कि उन्होंने फिल्म के विजुअल्स देखे हैं। उनके मुताबिक, ‘राका’ के विजुअल्स इतने शानदार हैं कि उन्हें नहीं लगता कि ‘अवतार’ में भी ऐसे विजुअल्स देखने को मिले थे। उन्होंने कहा कि जल्द ही दर्शक खुद अपनी आंखों से वह सब देख सकेंगे, जिसकी वह बात कर रहे हैं।

फिल्म की पहली झलक 21 सितंबर को सामने आएगी। खास बात यह है कि इसी दिन एटली का जन्मदिन भी है। मेकर्स इसी मौके पर फिल्म का टीजर जारी करने की तैयारी में हैं।

राजामौली से की एटली की तुलना

सिबी ने एटली की तुलना एसएस राजामौली से भी की। उन्होंने कहा कि जिस तरह राजामौली ने भारतीय सिनेमा को नई ऊंचाई दी, उन्हें उम्मीद है कि एटली भी भारतीय सिनेमा को विश्व स्तर तक ले जाएंगे। उन्होंने एटली को अपना शिक्षक और मेंटर भी बताया। लिरिक्स राइटर विवेक ने भी ‘राका’ की तारीफ करते हुए कहा कि इस तरह की फिल्में उन्होंने अब तक सिर्फ हॉलीवुड में देखी हैं।

 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.