स्टील की कीमतें 4 साल के उच्चतम स्तर पर, HRC-CRC के दाम में जोरदार उछाल

Steel Price Hike News : देश में स्टील की कीमतें करीब चार साल के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई हैं। कच्चे माल की बढ़ती लागत और मानसून के बाद मांग में आई तेजी को इसकी बड़ी वजह माना जा रहा है। मार्केट रिसर्च फर्म बिगमिंट के मुताबिक, स्टील उत्पादन में इस्तेमाल होने वाला खासकर कोकिंग कोल महंगा होने से कीमतों पर दबाव बढ़ा है।

बिगमिंट ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि चालू वित्त वर्ष की बाकी अवधि में भी स्टील की कीमतों में तेजी का रुख बने रहने की संभावना है।

HRC और CRC के दाम में बड़ी बढ़ोतरी

बिगमिंट के आंकड़ों के मुताबिक, देश में हॉट रोल्ड कॉइल (HRC) की कीमत 64,000 रुपये प्रति टन और कोल्ड रोल्ड कॉइल (CRC) की कीमत 75,000 रुपये प्रति टन तक पहुंच गई है। इससे पहले इस स्तर की कीमतें जून 2022 में देखी गई थीं।

1 अगस्त से अब तक HRC की कीमत में 6,000 रुपये प्रति टन, जबकि CRC की कीमत में 8,500 रुपये प्रति टन की बढ़ोतरी हो चुकी है। अगस्त की शुरुआत में HRC 58,000 रुपये प्रति टन और CRC 66,500 रुपये प्रति टन पर था।

HRC और CRC दुनिया में सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाले फ्लैट स्टील उत्पादों में शामिल हैं।

कोकिंग कोल और आयरन ओर भी हुए महंगे

बिगमिंट के एक एनालिस्ट के मुताबिक, स्टील की कीमतों में मौजूदा उछाल के पीछे कच्चे माल की बढ़ती लागत और मांग में तेजी मुख्य कारण हैं। आयातित कोकिंग कोल की कीमत सिर्फ एक महीने में करीब 65 डॉलर प्रति टन बढ़कर 305 डॉलर प्रति टन हो गई है।

वहीं, आयरन ओर फाइन्स की कीमत में भी 200 से 250 रुपये प्रति टन की बढ़ोतरी हुई है और यह करीब 4,500 रुपये प्रति टन पर पहुंच गया है। ब्लास्ट फर्नेस के जरिए स्टील बनाने की लागत में अकेले कोकिंग कोल की हिस्सेदारी 30 फीसदी से ज्यादा है।

बिगमिंट के मुताबिक, वित्त वर्ष 2027 के अप्रैल से अगस्त के बीच भारत में स्टील की खपत 70 मिलियन टन तक पहुंच गई, जो पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 7 फीसदी ज्यादा है। फर्म का कहना है कि निर्माण और इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर से मांग जारी रहने की उम्मीद है, इसलिए वित्त वर्ष के बाकी हिस्से में स्टील की कीमतों में बड़ी गिरावट की संभावना कम है।

Also Read : National Film Awards Prize Money: किस अवॉर्ड के लिए कितनी मिलती है रकम, जानिए पूरा हिसाब

Get real time updates directly on you device, subscribe now.