बरेली में 20 जून को महा-सफाई अभियान और जन-समस्या निवारण शिविर
Bareilly News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के गौरवमयी 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में नगर निगम बरेली द्वारा एक बड़ा जनहितैषी कदम उठाया गया है। आगामी 20 जून को शहर में एक तरफ जहां व्यापक स्तर पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा, वहीं दूसरी तरफ आम जनता की सहूलियत के लिए एक विशाल जन-समस्या समाधान शिविर (शिकायत निवारण कैंप) का भी आयोजन होगा।
बनखण्डीनाथ पार्क में सुबह 7 बजे से शुरू होगा अभियान
अपर नगर आयुक्त शशि भूषण राय द्वारा दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार, यह विशेष स्वच्छता और कल्याणकारी अभियान 20 जून को सुबह ठीक 7:00 बजे जोगी नवादा (वार्ड-33) स्थित प्रसिद्ध बनखण्डीनाथ पार्क में शुरू किया जाएगा। इस बार के अभियान का मुख्य फोकस क्षेत्र को पूरी तरह प्लास्टिक कचरे से मुक्त करना (प्लास्टिक अपशिष्ट निस्तारण) और स्थानीय पार्कों व गलियों की गहन साफ-सफाई सुनिश्चित करना है।
मौके पर होगा समस्या का समाधान
जनता को दफ्तरों के चक्कर काटने से बचाने के लिए नगर निगम ने इस समाधान शिविर को बेहद प्रभावी बनाने की तैयारी की है। इसके लिए नगर निगम की ओर से मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, विद्युत विभाग, जिला पूर्ति विभाग के अधिकारी मौजूद रहेंगे।
प्रोबेशन और सूचना विभाग के आला अधिकारियों को आधिकारिक पत्र भेजा गया है। सभी संबंधित विभागों को कड़े निर्देश दिए गए हैं कि वे शिविर स्थल पर अपनी-अपनी लोक-कल्याणकारी योजनाओं से जुड़े विशेष स्टॉल लगाएं। इन स्टॉलों का उद्देश्य न केवल सरकार की योजनाओं का प्रचार-प्रसार करना होगा, बल्कि मौके पर ही मौजूद रहकर जनता की विभिन्न समस्याओं और शिकायतों का त्वरित (ऑन-द-स्पॉट) निस्तारण करना भी होगा।
गौरतलब है कि बरेली को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए नगर निगम द्वारा बीते 5 जून से आगामी 21 जून तक पूरे महानगर में एक विशेष सफाई अभियान की श्रृंखला चलाई जा रही है। 20 जून को जोगी नवादा में होने वाला यह भव्य कार्यक्रम इसी वृहद स्वच्छता अभियान का एक बेहद महत्वपूर्ण हिस्सा है।
रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया

