NEET UG 2026: जूते-जूलरी बैन, 1:30 बजे के बाद एंट्री नहीं, परीक्षा से पहले जानें NTA के 10 बड़े नियम

NEET UG 2026 की पुनर्परीक्षा 21 जून को आयोजित की जाएगी। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) के अनुसार करीब 22.7 लाख अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक होगी, लेकिन सुरक्षा जांच और सत्यापन प्रक्रिया को देखते हुए केंद्रों पर प्रवेश सुबह 11 बजे से शुरू कर दिया जाएगा। NTA ने अभ्यर्थियों और अभिभावकों से सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहों से बचने और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील की है।

इस बार परीक्षा को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। आधार आधारित बायोमेट्रिक सत्यापन, फेस रिकग्निशन और लाइव फोटो कैप्चर की व्यवस्था रहेगी। वहीं, पेपर लीक और नकल जैसी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए लाखों सुरक्षाकर्मी और हजारों पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं।

NEET UG 2026: NTA के 10 बड़े नियम

1. 1:30 बजे के बाद नहीं मिलेगी एंट्री

परीक्षा दोपहर 2 बजे शुरू होगी, लेकिन किसी भी अभ्यर्थी को 1:30 बजे के बाद परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इसलिए समय से पहले केंद्र पहुंचना जरूरी है।

2. ड्रेस कोड का रखें खास ध्यान

लड़के आधी बाजू की शर्ट या टी-शर्ट और साधारण पैंट पहनकर आएं। लड़कियां आधी बाजू की कुर्ती या टॉप पहन सकती हैं। बड़े बटन, भारी कपड़े और मेटल वाली ड्रेस से बचने की सलाह दी गई है।

3. जूते और जूलरी पूरी तरह बैन

जूते पहनकर आने की अनुमति नहीं होगी। केवल चप्पल या कम हील वाली सैंडल पहनकर ही प्रवेश मिलेगा। घड़ी, अंगूठी, चेन, ब्रेसलेट, कड़ा, कान की बाली, नाक की लौंग और अन्य धातु वाली वस्तुएं भी प्रतिबंधित रहेंगी।

4. एडमिट कार्ड के साथ जरूरी दस्तावेज अनिवार्य

अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड, सेल्फ डिक्लेरेशन फॉर्म और आधार कार्ड, वोटर आईडी, पैन कार्ड या अन्य वैध फोटो आईडी साथ लानी होगी। इनके बिना प्रवेश नहीं मिलेगा।

5. पासपोर्ट और पोस्टकार्ड साइज फोटो साथ रखें

अटेंडेंस शीट के लिए पासपोर्ट साइज फोटो और निर्धारित प्रारूप में पोस्टकार्ड साइज फोटो साथ लाना अनिवार्य होगा। फोटो का बैकग्राउंड सफेद होना चाहिए।

6. अपना पेन लेकर न जाएं

इस बार सभी उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र पर ही काला बॉल प्वाइंट पेन उपलब्ध कराया जाएगा। बाहर से पेन ले जाने की जरूरत नहीं है।

7. इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पूरी तरह प्रतिबंधित

मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, स्मार्ट वॉच, कैलकुलेटर, ईयरफोन, माइक्रोफोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस परीक्षा केंद्र में ले जाने की अनुमति नहीं होगी।

8. OMR शीट भरते समय न करें गलती

रोल नंबर, प्रश्नपत्र कोड और अन्य विवरण सावधानी से भरें। एक प्रश्न के लिए केवल एक उत्तर चुनें। कटिंग, ओवरराइटिंग या एक से अधिक गोले भरने पर नुकसान हो सकता है।

9. टॉयलेट ब्रेक के बाद होगी दोबारा जांच

जरूरत पड़ने पर टॉयलेट जाने की अनुमति मिलेगी, लेकिन वापस आने पर दोबारा फ्रिस्किंग होगी। परीक्षा के शुरुआती और अंतिम 30 मिनट में टॉयलेट ब्रेक नहीं मिलेगा।

10. रफ वर्क केवल उत्तर पुस्तिका में करें

इस बार रफ वर्क के लिए चार पेज दिए जाएंगे। अभ्यर्थियों को रफ कार्य इन्हीं पन्नों पर करना होगा।

इस बार हुए 3 अहम बदलाव

NTA ने इस वर्ष परीक्षा प्रक्रिया में तीन महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं।

  1. अभ्यर्थियों को प्रश्न हल करने के लिए 195 मिनट का समय मिलेगा।
  2. रफ वर्क के लिए पन्नों की संख्या दो से बढ़ाकर चार कर दी गई है।
  3. रफ पेज दोनों तरफ उपलब्ध होंगे, जिससे बाएं हाथ से लिखने वाले छात्रों को भी सुविधा मिलेगी।

NTA ने मौसम को लेकर भी एडवाइजरी जारी की है। कई राज्यों में बारिश और खराब मौसम की संभावना को देखते हुए अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा की योजना पहले से बनाएं और परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त समय रहते पहुंचें।

Also Read: छात्रों के लिए बड़ी खबर! UP Board ने जारी किया 2026-27 का Academic Calendar

Get real time updates directly on you device, subscribe now.