नवीकरणीय ऊर्जा का नया केंद्र बन रहा उत्तर प्रदेश: एके शर्मा
Lucknow News: उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश नवीकरणीय (अक्षय) ऊर्जा के क्षेत्र में निवेश और नवाचार का नया केंद्र बनकर उभर रहा है। लखनऊ के एक होटल में आयोजित ‘भारत रिन्यूएबल एनर्जी समिट एंड एक्सपो-2026’ के “Invest, Innovate, Inspire” रोड शो का शुभारंभ करते हुए उन्होंने बताया कि राज्य सरकार सौर ऊर्जा, ग्रीन हाइड्रोजन और बायो-एनर्जी के क्षेत्र में अपार संभावनाओं को साकार करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
यूपी, बिहार और उत्तराखंड मिलकर रचेंगे स्वच्छ ऊर्जा का नया अध्याय
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री एके शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश, बिहार और उत्तराखंड जैसे पड़ोसी राज्य मिलकर स्वच्छ और टिकाऊ ऊर्जा के क्षेत्र में व्यापक बदलाव ला सकते हैं। उन्होंने उद्योग जगत, निवेशकों और तकनीकी विशेषज्ञों का आह्वान किया कि वे प्रदेश में उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाएं। इसके साथ ही उन्होंने वर्ष 2015 में भारत और फ्रांस द्वारा शुरू किए गए इंटरनेशनल सोलर अलायंस (ISA) का जिक्र करते हुए कहा कि भारत आज वैश्विक स्तर पर हरित ऊर्जा क्रांति का नेतृत्व कर रहा है।
नवंबर 2026 में भारत मंडपम में होगा मुख्य सम्मेलन
रोड शो के दौरान अधिकारियों ने जानकारी दी कि ‘भारत रिन्यूएबल एनर्जी समिट एंड एक्सपो-2026’ का मुख्य और भव्य आयोजन नवंबर 2026 में भारत मंडपम, नई दिल्ली में किया जाएगा। इसमें देश-विदेश के प्रमुख निवेशक, मैन्युफैक्चरर्स, ऊर्जा विशेषज्ञ और तकनीकी संस्थान हिस्सा लेंगे। लखनऊ में आयोजित इस रोड शो में नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र की चुनौतियों, तकनीकी नवाचारों और भावी निवेश पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
लखनऊ में आयोजित इस गरिमामयी कार्यक्रम में अपर मुख्य सचिव (ऊर्जा) आशीष गोयल, यूपीनेडा (UPNEDA) के निदेशक रविंद्र कुमार, एमडी मयूर माहेश्वरी सहित विभिन्न सरकारी विभागों के उच्चाधिकारी, उद्योग प्रतिनिधि और ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
Also Read: Bareilly News: नौकरी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोपी गिरफ्तार

