अमित शाह का ममता सरकार पर प्रहार, सिंडिकेट चलाने वालों को उल्टा लटका देंगे, बंगाल में बनेगा सोनार बांग्ला

Sandesh Wahak Digital Desk: पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा में शनिवार को एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पूरी तरह चुनावी मोड में नजर आए। उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर तीखे प्रहार किए और राज्य की जनता से कई बड़े वादे किए।

अमित शाह ने राज्य में घुसपैठ के मुद्दे को हवा देते हुए कहा कि केवल भारतीय जनता पार्टी ही बंगाल से अवैध रूप से रहने वालों को बाहर निकाल सकती है। भ्रष्टाचार पर कड़ा रुख अपनाते हुए उन्होंने चेतावनी दी कि आप भाजपा को सत्ता में लाइए, सिंडिकेट चलाने वालों को हम उल्टा लटका कर सीधा कर देंगे। उन्होंने ममता बनर्जी की तुलना ‘हीरक की रानी’ से की और जनता से अपील की कि 23 तारीख को इस शासन को जड़ से उखाड़ फेंकें।

आर्थिक नीतियों और आलू किसानों का मुद्दा

शाह ने आरोप लगाया कि ममता सरकार ने ओडिशा और झारखंड में आलू की सप्लाई रोक दी है, जिससे बंगाल का किसान बर्बाद हो रहा है। उन्होंने कहा कि जो आलू 20 रुपये में बिकना चाहिए था, वह 2 रुपये में बिक रहा है। भाजपा सरकार आने पर सप्लाई दोबारा शुरू करने का भरोसा दिलाया। साथ ही, उन्होंने केंद्र के फंड को हड़पने का आरोप लगाते हुए कहा कि TMC को पाई-पाई का हिसाब देना होगा।

आदिवासी सम्मान और मुख्यमंत्री का चेहरा

आदिवासी समुदाय को साधते हुए शाह ने कहा कि कांग्रेस और अन्य दलों ने संथाल समाज को कभी तवज्जो नहीं दी, जबकि भाजपा ने इसी समाज की महिला को देश का राष्ट्रपति बनाया। उन्होंने राष्ट्रपति के अपमान का मुद्दा भी उठाया। शाह ने साफ़ किया कि बंगाल का अगला मुख्यमंत्री कोई बंगाली नेता ही होगा। बेरोजगार युवाओं और महिलाओं को हर महीने 3,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

महिला सुरक्षा और कानून व्यवस्था

ममता बनर्जी के उस बयान पर पलटवार करते हुए, जिसमें उन्होंने लड़कियों को शाम 7 बजे के बाद बाहर न निकलने की बात कही थी, शाह ने सुरक्षा का वादा किया। उन्होंने कहा, भाजपा की सरकार लाइए, हमारी बेटियां रात 1 बजे भी बेखौफ सड़कों पर घूम सकेंगी।

Also Read: UPSSSC Recruitment 2026: UP विधान भवन में 12वीं पास के लिए नौकरी का मौका, जानें सैलरी और आवेदन प्रक्रिया

Get real time updates directly on you device, subscribe now.