दिल्ली BJP में नए CM की रेस, इस दिन PM मोदी की मौजूदगी में होगा शपथ ग्रहण समारोह
Sandesh Wahak Digital Desk: दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने 27 साल बाद जबरदस्त वापसी करते हुए 48 सीटों पर जीत दर्ज की है। आम आदमी पार्टी (आप) को करारा झटका लगा है और वह सिर्फ 22 सीटों तक सिमट गई। इस ऐतिहासिक जीत के साथ बीजेपी दिल्ली में सरकार बनाने जा रही है।
नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह को लेकर चर्चा तेज हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 10 से 13 फरवरी तक फ्रांस और अमेरिका के दौरे पर रहेंगे। पार्टी चाहती है कि शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री मोदी मौजूद रहें, इसलिए यह कार्यक्रम 13 फरवरी के बाद होने की संभावना है।
मुख्यमंत्री पद को लेकर मंथन जारी
बीजेपी में मुख्यमंत्री पद के लिए मंथन शुरू हो गया है। बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बीच इस मुद्दे पर लंबी चर्चा हुई है। इसी बीच, दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने रविवार को पार्टी विधायकों की बैठक बुलाई है। सूत्रों के मुताबिक, सभी नवनिर्वाचित विधायकों से मुलाकात कर आगे की रणनीति पर चर्चा होगी।
इससे पहले बीजेपी के प्रदेश प्रभारी बैजयंत पांडा ने कहा है कि दिल्ली को अगले 10-15 दिनों में नया मुख्यमंत्री मिल जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के चयन की एक पूरी प्रक्रिया होती है और बीजेपी इसमें सामूहिक नेतृत्व पर विश्वास करती है।
दिल्ली की प्राथमिकता होगी यमुना की सफाई
दिल्ली के बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि सरकार बनते ही यमुना की सफाई प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का फैसला केंद्रीय नेतृत्व करेगा और जो भी मुख्यमंत्री बनेगा, वह दिल्ली की जनता के लिए काम करेगा तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जनता से किए गए वादों को पूरा करेगा।
पहली बार 1993 में बनी थी बीजेपी सरकार
दिल्ली विधानसभा में कुल 70 सीटें हैं और बहुमत के लिए 36 सीटों की जरूरत होती है। बीजेपी ने 1993 में पहली बार दिल्ली में सरकार बनाई थी। अब 27 साल के लंबे इंतजार के बाद बीजेपी ने दोबारा सत्ता में वापसी की है। जीत के बाद शनिवार को पार्टी दफ्तर में जश्न मनाया गया और शीर्ष नेतृत्व ने नई सरकार के स्वरूप पर चर्चा की।
Also Read: पिता के अधूरे कामों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध, दिल्ली में यमुना पर क्या बोले…

