वरुण धवन को मिला था समय रैना के शो का ऑफर, लेकिन क्यों कहा ना? जानें वजह
Sandesh Wahak Digital Desk: स्टैंड-अप कॉमेडियन समय रैना के शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट‘ पर यूट्यूबर रणवीर अल्लाहबादिया की विवादित टिप्पणी के बाद बवाल मच गया है। इस मामले में सोशल मीडिया पर जबरदस्त ट्रोलिंग हो रही है, तो वहीं कानूनी शिकंजा भी कसता जा रहा है। इस बीच, एक नया खुलासा हुआ है कि बॉलीवुड अभिनेता वरुण धवन को भी इस शो में बतौर गेस्ट शामिल होने का ऑफर मिला था, लेकिन उन्होंने इसमें जाने से इनकार कर दिया। अब उनका एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वे खुद इस बारे में खुलासा करते दिख रहे हैं।
वरुण धवन ने क्यों ठुकराया ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ का ऑफर?

गौरतलब है कि वरुण धवन ने ये बातें रणवीर अल्लाहबादिया के ही पॉडकास्ट में साझा की थीं। जब उनसे स्टैंड-अप कॉमेडी और इसकी बढ़ती लोकप्रियता पर चर्चा की गई, तो उन्होंने बताया कि उन्हें ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ में गेस्ट के रूप में इन्वाइट किया गया था। हालांकि, उन्होंने इस शो में शामिल न होने का फैसला किया।
वरुण धवन ने क्या कहा ?

वरुण धवन ने कहा “उन्होंने मुझसे शो में आने के लिए कहा था और सच कहूं तो मैं इसमें शामिल होना पसंद करूंगा। लेकिन मेरी चिंता यह है कि इस तरह के शो में शामिल होने से कभी-कभी विवाद खड़ा हो जाता है।”
रणवीर अल्लाहबादिया ने उन्हें इस शो में आने के लिए दोबारा सोचने के लिए कहा और बताया कि उनका आना शो के लिए कितना मजेदार होगा। लेकिन वरुण ने अपनी बात पर जोर देते हुए कहा कि उन्हें व्यक्तिगत रूप से शो की कॉमेडी से कोई दिक्कत नहीं है, लेकिन यह उनकी पेशेवर प्रतिबद्धताओं के लिए जोखिम भरा कदम हो सकता है।
उन्होंने आगे कहा, मैं इसे करना चाहूंगा, लेकिन मुझे लगता है कि मेरी टीम इसको लेकर चिंतित हो सकती है। मुझे यह तब करना होगा जब मैं किसी फिल्म का प्रचार नहीं कर रहा हो, क्योंकि यह निश्चित रूप से विवाद का हिस्सा बन सकता है।
समय रैना के शो को लेकर क्यों मचा बवाल?

बता दें कि यूट्यूबर रणवीर अल्लाहबादिया ने समय रैना के शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ में पेरेंट्स को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इसके बाद उन्हें जमकर ट्रोल किया गया और उनके खिलाफ शिकायतें भी दर्ज हुईं। ‘ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन’ ने इस शो और इसमें शामिल लोगों पर बैन लगाने की मांग की है।
हालांकि, रणवीर अल्लाहबादिया ने इस विवाद पर माफी मांग ली है, जबकि समय रैना और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अपूर्व मखीजा ने अब तक इस मामले में चुप्पी साध रखी है।
Also Read: Ranveer Allahabadia: रणवीर अल्लाहबादिया ने भद्दे बयान से मचाया बवाल, सोशल मीडिया पर हो रहे ट्रोल

