UP News: एसटीएफ को मिली बड़ी सफलता, 11 किलो चरस के साथ एक तस्कर गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसटीएफ ने एक अंतर्राष्ट्रीय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया, जिसके पास से लगभग 11 किलो ग्राम चरस (अंतर्राष्ट्रीय मूल्य लगभग 55 लाख रुपये) बरामद की गई।

गिरफ्तार व्यक्ति का नाम राजेश कुमार शाह है, जो बिहार राज्य के सिवान जिले के ग्राम दुमका का निवासी है। आरोपी के पास से 11 किलो चरस, 400 रुपये नकद, एक मोबाइल फोन, आधार कार्ड, एक छपरा से बड़ोदरा टिकट और एक पासपोर्ट भी बरामद किया गया।

यह गिरफ्तारी 17 फरवरी 2025 को लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 5 पर मुजफ्फरपुर-सूरत एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 19054) के कोच नंबर बी-6 से हुई। एसटीएफ की टीम द्वारा इस ऑपरेशन का संचालन किया गया। गिरफ्तार व्यक्ति से पूछताछ में पता चला कि वह अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करता था और उसके गांव के एक व्यक्ति महमूद के साथ मिलकर यह काम करता था। महमूद छपरा रेलवे स्टेशन पर राजेश को ट्राली बैग में चरस देता था, जिसे वह बड़ोदरा रेलवे स्टेशन पर एक अन्य तस्कर को देने के लिए लेकर जाता था। इस काम के लिए उसे प्रति चक्कर 50 हजार रुपये मिलते थे।

गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ एनसीबी लखनऊ में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस सफलता से एसटीएफ की मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चल रही सख्त कार्रवाई को और मजबूती मिली है।

Also Read: Lucknow News: UBER ड्राइवर के साथ मारपीट और लूट की घटना का खुलासा, 3…

Get real time updates directly on you device, subscribe now.