UP News: प्रतापगढ़ में भीषण सड़क हादसा, 4 की मौत, 3 गंभीर घायल

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में बुधवार को प्रयागराज-अयोध्या हाइवे पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार बेकाबू कार एक घर में घुस गई, जिसमें चार युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हादसे में घर में सो रहे एक दंपति भी घायल हुए हैं।

यह दुर्घटना कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के भुपियामऊ चौकी के पास, प्रयागराज-अयोध्या राजमार्ग के बबुरहा मोड़ के नजदीक देर रात लगभग तीन बजे हुई। कार की टक्कर इतनी जोरदार थी कि आसपास के ग्रामीणों और पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी, ताकि कार में सवार लोगों को बाहर निकाला जा सके। घायलों को आनन-फानन में जिला अस्पताल भेजा गया।

मिली जानकारी के अनुसार, महिंद्रा टीयूवी-300 कार में कुल 7 लोग सवार थे, जो झारखंड से प्रयागराज महाकुंभ स्नान कर लौट रहे थे। हादसे के बाद से भारी पुलिस बल मौके पर मौजूद है।

पुलिस की जांच और लापरवाही की आशंका

पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह हादसा ड्राइवर की लापरवाही के कारण हुआ, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई और तीन की हालत गंभीर है। मृतकों और घायलों के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है।

इससे पहले भी प्रयागराज महाकुंभ स्नान से लौटते समय कई कार दुर्घटनाओं की खबरें आई हैं, जिनमें से अधिकांश हादसे ड्राइवर की नींद की झपकी के कारण हुए थे, जिससे कुछ श्रद्धालु घायल हुए थे और कुछ की जान भी चली गई थी। इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा की आवश्यकता को उजागर किया है। हाल ही में सड़क हादसों की संख्या में वृद्धि देखी जा रही है, जिससे लोगों में चिंता का माहौल है।

Also Read: महाशिवरात्रि पर रुद्राभिषेक और पूजा-अर्चना…, CM योगी ने की व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग

Get real time updates directly on you device, subscribe now.