चेक गणराज्य में मालगाड़ी के पटरी से उतरने से लगी भीषण आग, बेंजीन के रिसाव से दहशत !
Sandesh Wahak Digital Desk: चेक गणराज्य के पूर्वी हिस्से में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया जब एक मालगाड़ी पटरी से उतर गई और उसके टैंकों में रखा जहरीला रासायनिक पदार्थ बेंजीन लीक होने के कारण भीषण आग लग गई। इस दुर्घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। अधिकारियों ने आसपास के लोगों को घरों में ही रहने और खिड़कियां-दरवाजे बंद रखने की सलाह दी है, ताकि जहरीले धुएं के संपर्क में आने से बचा जा सके।
आग से उठा जहरीला धुआं, लोगों को घरों में रहने की हिदायत
यह दुर्घटना शुक्रवार दोपहर स्थानीय समयानुसार 12 बजे हुस्टोपेस नाद बेकवू शहर के पास हुई। ट्रेन में 17 टैंक थे, जिनमें से 15 टैंक आग की चपेट में आ गए। इन टैंकों में 60-60 मीट्रिक टन बेंजीन मौजूद था, जो अत्यंत ज्वलनशील और कैंसरकारी रसायन है। आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि काले धुएं का गुबार दूर-दूर तक देखा गया।
आग बुझाने के लिए हेलीकॉप्टर की मदद, कोई हताहत नहीं
इस हादसे में कोई भी व्यक्ति घायल नहीं हुआ है, लेकिन आग को काबू में करने के लिए दमकल कर्मी हेलीकॉप्टर का भी इस्तेमाल कर रहे हैं। पड़ोसी देश स्लोवाकिया से भी अग्निशमन दल मदद के लिए पहुंच रहे हैं। स्थानीय प्रशासन ने बताया कि अभी तक वायुमंडल में खतरनाक गैसों का स्तर सीमा से अधिक नहीं पाया गया है, लेकिन सावधानी बरतने के निर्देश जारी किए गए हैं।
जांच में जुटी एजेंसियां, हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा
प्रशासन और रेलवे अधिकारी दुर्घटना के कारणों की जांच कर रहे हैं। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मालगाड़ी तकनीकी खराबी की वजह से पटरी से उतरी या किसी अन्य कारण से यह हादसा हुआ।
जनता से सतर्क रहने की अपील
स्थानीय अधिकारियों ने आसपास के निवासियों को घर के अंदर ही रहने और जब तक स्थिति नियंत्रण में नहीं आ जाती, तब तक खिड़कियां बंद रखने की अपील की है। विशेषज्ञों के अनुसार, बेंजीन के संपर्क में आने से गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं। प्रशासन की ओर से लगातार राहत और बचाव कार्य जारी है।
Also Read: China: चीन में 200 फुट गहरी नदी में पोत और नौका में भीषण टक्कर, 11 की मौत, तेल रिसाव से बढ़ा संकट

