Lucknow: मंडलायुक्त डॉ. रोशन जैकब ने की स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा, लक्ष्य प्राप्ति के निर्देश

Sandesh Wahak Digital Desk: मंडलायुक्त डॉ. रोशन जैकब की अध्यक्षता में मंगलवार को चिकित्सा स्वास्थ्य और आयुष विभाग की मंडलीय समीक्षा बैठक आयुक्त सभागार में आयोजित की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अजय जैन, अपर निदेशक स्वास्थ्य डॉ. जी.पी. गुप्ता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

टीबी उन्मूलन कार्यक्रम में सुधार के निर्देश 

बैठक के दौरान मंडलायुक्त ने सबसे पहले टीबी उन्मूलन कार्यक्रम की समीक्षा की। समीक्षा में हरदोई की भौतिक प्रगति 77.8% और उन्नाव की प्रगति 87.7% रही, जो लक्ष्य के सापेक्ष कम पाई गई। लखनऊ की भौतिक प्रगति 91.9% दर्ज की गई। इस पर मंडलायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्यक्रम की प्रगति में सुधार किया जाए और टीबी रोगियों को शत-प्रतिशत भुगतान सुनिश्चित किया जाए।

स्वास्थ्य केंद्रों की क्रियाशीलता पर जोर 

मंडलायुक्त ने पीएचसी, सीएचसी और अस्पतालों की वास्तविक क्रियाशीलता की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी इकाइयों को यूपी के स्वास्थ्य केंद्र पोर्टल और HMIS पोर्टल पर सूचीबद्ध किया जाए। साथ ही सीएचसी पर रात्रिकालीन सेवाएं, प्रसव सेवाएं और अन्य ओपीडी सेवाओं को प्रभावी रूप से संचालित करने के निर्देश दिए गए। चिकित्सकों की अस्पतालों में अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

नेत्र ज्योति अभियान के तहत कैटरेक्ट सर्जरी की स्थिति की समीक्षा के दौरान लखनऊ में 61.5% भौतिक प्रगति दर्ज की गई। इस पर मंडलायुक्त ने सुधार के निर्देश दिए।

आयुष्मान आरोग्य मंदिर की स्थिति पर निर्देश 

आयुष्मान आरोग्य मंदिर की समीक्षा के दौरान मंडलायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी केंद्र समय से खोले जाएं। जहां पर CHO (कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर) तैनात नहीं हैं, वहां क्षेत्रीय एएनएम को निर्देशित किया जाए कि टीकाकरण दिवस को छोड़कर अन्य सभी दिनों में उपकेंद्र पर उपस्थित रहकर दैनिक ओपीडी और अन्य कार्यों का संचालन करें।

गैर संचारी रोगों की स्क्रीनिंग की समीक्षा के दौरान हरदोई, सीतापुर और उन्नाव की प्रगति राज्य औसत से कम पाई गई। इस पर मंडलायुक्त ने प्रत्येक गांव में टीकाकरण सत्र की भांति विशेष स्क्रीनिंग कैंप लगाने के निर्देश दिए।  राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के तहत वित्तीय स्थिति की समीक्षा के दौरान लखनऊ में कुल आवंटित बजट ₹432.08 करोड़ के सापेक्ष ₹195.24 करोड़ का व्यय किया गया। यह 45.2% के स्तर पर रहा।

अन्य योजनाओं की समीक्षा 

इसके अलावा मंडलायुक्त ने FRU की क्रियाशीलता, ई-कवच के माध्यम से VHSND सत्रों की निगरानी, प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत एनीमिया मुक्त भारत कार्यक्रम की प्रगति, ई-रूपी वाउचर कार्यक्रम की स्थिति, परिवार नियोजन कार्यक्रम और जिला स्तरीय चिकित्सालयों के निर्माण कार्यों की भी गहन समीक्षा की। मंडलायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाई जाए और लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए।

Also Read: Gonda News: राघवेन्द्र वाजपेयी की हत्या पर ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन ने जताया आक्रोश, एसपी को सौंपा…

Get real time updates directly on you device, subscribe now.