UP Weather : मौसम ने फिर बदली करवट, 12 जिलों में ओले गिरने की संभावना, बारिश का भी अलर्ट
Sandesh Wahak Digital Desk: यूपी में भीषण गर्मी के बीच आज (रविवार) से मौसम बदलने के संकेत है। प्रदेश के तराई इलाकों समेत 25 जनपदों में तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी की चेतावनी मौसम विभाग ने जारी कर दी है। इसके साथ ही करीब 15 जिलों में ओलावृष्टि का आरेज अलर्ट भी जारी किया गया है। इस बीच इन इलाकों में 50 से 60 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चलने के भी आसार है।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार से सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ के असर से 27 से 30 अप्रैल के बीच प्रदेश के विभिन्न इलाकों में तेज हवाओं संग रुक-रुक कर बूंदाबांदी की परिस्थितियां बनेंगी। इससे तात्कालिक तौर पर तापमान में गिरावट आएगी और लू के थपेड़ों से राहत मिलेगी
इन जिलों में जारी हुई ओलावृष्टि की संभावना
सोनभद्र, चंदौली, गाजीपुर, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर और आसपास के इलाकों में।
मौसम विभाग के मुताबिक रविवार से मौसम में बदलाव की आहट है। इससे राजधानी में तीखी धूप और गर्म हवा के थपेड़ों से अगले दो-तीन दिनों के लिए राहत मिलने के आसार हैं। रविवार को हवा का रुख बदल कर पूर्वा हो जाएगी और लखनऊ में बादलों की आवाजाही रहेगी।
वहीं रविवार और सोमवार को लखनऊ में गरज-चमक संग बूंदाबांदी के भी संकेत हैं। लखनऊ में अगले तीन-चार दिनों में अधिकतम तापमान में 4 से 5 डिग्री तक की गिरावट आने के आसार हैं। बदले हुए मौसम में पारा गिरेगा और लोगों को राहत मिलेगी। शनिवार को दिन का अधिकतम तापमान 0.7 डिग्री की गिरावट के साथ 42.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं रात का पारा 0.7 डिग्री की बढ़त के साथ 23.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ।

