गोंडा में दर्दनाक हादसा: नहर किनारे गड्ढे में डूबने से तीन बच्चों की मौत, गांव में पसरा मातम
Sandesh Wahak Digital Desk: रविवार को गोंडा जिले के परसपुर थाना क्षेत्र के डेहरास अहेट गांव में एक दर्दनाक हादसे में तीन मासूम बच्चों की मौत हो गई। यह हादसा गांव से सटे सरयू नहर के किनारे स्थित एक गहरे पानी भरे गड्ढे में नहाते समय हुआ।
गर्मी की तपिश से राहत पाने के लिए दोपहर के समय गांव के तीन बच्चे नौ वर्षीय निगम उर्फ राजाबाबू (पुत्र जिलेदार), दस वर्षीय राजन (पुत्र दयाशंकर) और दस वर्षीय राजा (पुत्र रामनरेश)—नहर किनारे बने एक गड्ढे में नहाने पहुंचे। लेकिन गड्ढा अत्यंत गहरा था और तीनों बच्चे अचानक उसमें डूब गए।
स्थानीय ग्रामीणों ने जब बच्चों को नहीं देखा तो मौके पर पहुंचकर बचाव की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। गड्ढे से निकाले गए तीनों बच्चों की मौके पर ही मृत्यु हो चुकी थी।
इस हादसे की खबर से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। एक ही दिन तीन बच्चों की मौत से पूरा डेहरास अहेट गांव स्तब्ध है। मृतकों के परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम का माहौल है।
परसपुर थाना प्रभारी तेज प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई थी। बच्चों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और उच्च अधिकारियों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस आवश्यक कानूनी प्रक्रिया में जुटी हुई है।
Also Read: Firozabad: बिटुमिन ब्लैक मार्केटिंग रैकेट का भंडाफोड़, 6 शातिरों को एसटीएफ ने दबोचा

