Lucknow: CBI ऑफिस के बाहर एएसआई पर जानलेवा हमला, हालत नाज़ुक

Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ के हजरतगंज इलाके में शुक्रवार को एक चौंकाने वाली घटना ने राजधानी को हिलाकर रख दिया। सीबीआई कार्यालय के बाहर एक व्यक्ति ने असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (ASI) वीरेंद्र पर धनुष-बाण से हमला कर दिया। हमले में एएसआई गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावर ने नवल किशोर रोड स्थित सीबीआई दफ्तर के ठीक सामने अचानक धनुष उठाया और बाण एएसआई के सीने पर चला दिया। बाण इतनी तेजी और गहराई से लगा कि एएसआई वहीं लहूलुहान होकर गिर पड़े।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया गया। उससे पूछताछ जारी है, हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि हमले की मंशा क्या थी। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है चाहे वह मानसिक अस्थिरता का मामला हो, किसी निजी रंजिश का, या कुछ और।

सीबीआई जैसे संवेदनशील दफ्तर के बाहर हुई इस वारदात ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर भी बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। अधिकारी मामले को गंभीरता से लेते हुए हमलावर की पृष्ठभूमि, मंशा और मानसिक स्थिति की पूरी जांच में जुटे हैं। इस बीच सिविल अस्पताल के डॉक्टरों का कहना है कि एएसआई वीरेंद्र की हालत स्थिर नहीं है, और उन्हें निगरानी में रखा गया है।

Also Read: ‘पाकिस्तान के पास अब ज्यादा दिन नहीं बचे…’, अयोध्या में सीएम योगी ने पाक पर साधा निशाना

Get real time updates directly on you device, subscribe now.