इंग्लैंड दौरे के लिए टीम इंडिया का ऐलान: शुभमन गिल बने कप्तान, 8 साल बाद करुण नायर की वापसी
Sandesh Wahak Digital Desk: इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की बहुप्रतीक्षित टेस्ट सीरीज़ के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने टीम इंडिया का ऐलान कर दिया है।

दरअसल, इस बार चयनकर्ताओं ने कई बड़े फैसले लिए हैं। युवा बल्लेबाज शुभमन गिल को टेस्ट टीम की कप्तानी सौंपी गई है, जबकि विकेटकीपर ऋषभ पंत को उपकप्तान बनाया गया है।
शमी और अय्यर को नहीं मिली जगह

इस चयन में सबसे चौंकाने वाला फैसला रहा मोहम्मद शमी और श्रेयस अय्यर का बाहर होना। शमी फिलहाल, फिटनेस समस्याओं से जूझ रहे हैं।
जबकि अय्यर ने आईपीएल 2025 और हालिया टूर्नामेंटों में बेहतरीन प्रदर्शन किया था। इसके बावजूद उन्हें टेस्ट टीम में जगह नहीं मिली, जिससे फैंस और विशेषज्ञ हैरान हैं।
करुण नायर की 8 साल बाद टेस्ट टीम में वापसी

करुण नायर, जिन्होंने 2016 में तिहरा शतक जड़ा था, लगभग आठ साल बाद भारतीय टेस्ट टीम में वापसी कर रहे हैं।
आखिरी बार उन्होंने 2017 में भारत के लिए टेस्ट मैच खेला था। नायर की वापसी उन खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बन सकती है, जो घरेलू क्रिकेट में लगातार मेहनत कर रहे हैं।
तेज गेंदबाज़ी में विविधता, स्पिन में अनुभव

टीम में 6 तेज गेंदबाज – जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाशदीप, अर्शदीप सिंह और शार्दुल ठाकुर शामिल किए गए हैं।
वहीं, स्पिन विभाग में रवींद्र जडेजा, वाशिंगटन सुंदर और कुलदीप यादव जैसे अनुभवी नाम मौजूद हैं।
अभिमन्यु ईश्वरन और साई सुदर्शन को मिला मौका

रोहित शर्मा और विराट कोहली के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास के बाद चयनकर्ताओं ने भविष्य की टीम तैयार करने की दिशा में कदम बढ़ाया है।
साई सुदर्शन और अभिमन्यु ईश्वरन जैसे युवा बल्लेबाज़ों को टीम में शामिल किया गया है, जो आगामी सीरीज में डेब्यू कर सकते हैं।
इंग्लैंड दौरे के लिए 18 सदस्यीय टीम इंडिया- शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, अभिमन्यु ईश्वरन, करुण नायर, नितीश कुमार रेड्डी, रवींद्र जडेजा, ध्रुव जुरेल, वाशिंगटन सुंदर, शार्दुल ठाकुर, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाशदीप, अर्शदीप सिंह और कुलदीप यादव।
Also Read: रोहित शर्मा की जगह कौन? इंग्लैंड दौरे पर इस युवा बल्लेबाज को मिल सकता है मौका

