ऑपरेशन सिंदूर में आतंकियों पर कार्रवाई को लेकर बोले पीएम मोदी, कहा- अपना वादा निभाया

Sandesh Wahak Digital Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को बिहार के काराकाट में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए आतंकवाद के खिलाफ भारत की निर्णायक कार्रवाई और बिहार की वीरता को सलाम किया। उन्होंने अपने पुराने वादों की याद दिलाते हुए कहा कि जब पिछली बार बिहार आया था, तब आतंकवादियों को सबक सिखाने का वादा किया था और आज वह वादा पूरा कर के फिर से बिहार की धरती पर आए हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा हाल ही में पहलगाम में एक क्रूर आतंकी हमला हुआ, जिसमें कई निर्दोष नागरिकों की जान चली गई। उस घटना के अगले ही दिन मैं बिहार आया था और इसी धरती से देश को वचन दिया था कि आतंक के सरगनाओं को छोड़ा नहीं जाएगा। आज जब दोबारा यहां आया हूं, तो गर्व से कह सकता हूं कि हमने उन आतंकियों के ठिकानों को खंडहर बना दिया है। यह नया भारत है, जो चुप नहीं बैठता।

‘ऑपरेशन सिंदूर’ का जिक्र कर बोले यह तो हमारी ताकत का एक हिस्सा भर है। पीएम मोदी ने आतंकी ठिकानों पर की गई सैन्य कार्रवाई ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का उल्लेख करते हुए कहा कि दुनिया ने भारत की ताकत को देखा है।

उन्होंने कहा कि बीएसएफ के जवानों ने जिस बहादुरी से ऑपरेशन को अंजाम दिया, उसने दुश्मनों को साफ संदेश दे दिया कि भारत अब चुप रहने वाला नहीं है। अगर आतंक का फन दोबारा उठेगा, तो हम उसे फिर से कुचलने के लिए तैयार हैं। भारत की लड़ाई आतंकवाद के खिलाफ अनवरत जारी रहेगी – चाहे दुश्मन सीमा पार हो या हमारे देश के अंदर।

बिहार की वीर भूमि को किया नमन

पीएम मोदी ने बिहार को वीरों की भूमि बताते हुए महान स्वतंत्रता सेनानी कुंवर सिंह को श्रद्धांजलि दी और कहा कि यहां के युवा हर समय देश की रक्षा के लिए तैयार रहते हैं। उन्होंने बिहार के शहीदों को नमन करते हुए कहा कि उनका बलिदान देश हमेशा याद रखेगा।

नक्सलवाद पर भी बोला हमला

प्रधानमंत्री ने नक्सल प्रभावित इलाकों की चर्चा करते हुए कहा कि कुछ साल पहले तक सासाराम, कैमूर और आस-पास के जिलों में नक्सली हिंसा का बोलबाला था। “इन लोगों का न संविधान में विश्वास था, न लोकतंत्र में। लेकिन 2014 के बाद हमने इस दिशा में ठोस कार्रवाई की और नक्सलवादियों को उनके किए की सजा देना शुरू किया। आज शांति है और इसी शांति ने विकास के रास्ते खोले हैं।”

Also Read: महिला डॉक्टर ने AAP विधायक पर लगाया अभद्रता और धमकी देने का आरोप, FIR दर्ज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.