बुलंदशहर में भीषण सड़क हादसा: तीन की मौके पर मौत, एक गंभीर घायल

SandeshWahak Digital Desk: बुलंदशहर जिले के सिकंदराबाद क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की जान चली गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा नेशनल हाईवे-34 पर हुआ, जहां एक ईको कार सीमेंट के खंभे ले जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सवार तीनों व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई।

कैसे हुआ हादसा?

औद्योगिक क्षेत्र के ओरियंटबेल फ्लाईओवर के पास सुबह करीब 5:30 बजे ट्रैक्टर-ट्रॉली में अचानक पंचर हो गया, जिससे वह बीच सड़क पर रुक गई। पीछे से आ रही ईको कार ट्रॉली को देख नहीं सकी और सीधी जाकर उससे टकरा गई। इस टक्कर में कार चालक समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

मारे गए लोगों की पहचान

सचिन (25 वर्ष) – निवासी गांव पचगई, थाना शिकारपुर

अमित (35 वर्ष) – निवासी गांव अमरपुर, थाना पहासू

दीनानाथ (45 वर्ष) – निवासी दादरी, जनपद गौतम बुद्ध नगर

एक अन्य हादसा भी जुड़ा

इसी हादसे को देखने के लिए रुकने वाले एक स्कूटी सवार को पीछे से आ रहे एक वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही सीओ पूर्णिमा सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का मुआयना किया। औद्योगिक क्षेत्र चौकी प्रभारी के अनुसार, हादसा ट्रॉली में अचानक हुए पंचर की वजह से हुआ। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.