कांग्रेस के पोस्टर से राष्ट्रीय अध्यक्ष की तस्वीर गायब, बीजेपी ने साधा निशाना

Sandesh Wahak Digital Desk: गोवा में कांग्रेस एक बार फिर विवादों में घिर गई है। इस बार मामला एक पोस्टर को लेकर सामने आया है, जिसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की तस्वीर ही नहीं थी। यह पोस्टर गोवा स्थापना दिवस के मौके पर कांग्रेस द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में लगाया गया था। तस्वीर गायब होने पर बीजेपी ने कांग्रेस पर करारा हमला बोला और इसे दलित नेतृत्व का अपमान बताया।

क्या है पूरा मामला

30 मई को गोवा कांग्रेस ने पणजी में राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर एक कार्यक्रम आयोजित किया था। इस दौरान एक बड़ा बैनर लगाया गया, जिसमें सोनिया गांधी, राहुल गांधी, गोवा कांग्रेस प्रमुख अमित पाटकर और नेता विपक्ष यूरी अलेमाओ की तस्वीरें थीं, लेकिन मल्लिकार्जुन खरगे की तस्वीर उसमें नहीं थी।

बीजेपी ने किया हमला

खरगे की तस्वीर गायब होने पर गोवा बीजेपी ने सोशल मीडिया पर कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने बैनर की फोटो साझा करते हुए लिखा, कांग्रेस ने अपने ही दलित राष्ट्रीय अध्यक्ष का अपमान किया है। क्या यह जानबूझकर किया गया? बीजेपी ने इसे कांग्रेस की ‘दलित विरोधी मानसिकता’ का प्रमाण बताया।

कांग्रेस की सफाई

विवाद बढ़ने पर गोवा कांग्रेस प्रमुख अमित पाटकर ने सफाई दी। उन्होंने कहा कि यह महज एक गलती थी और किसी तरह की साज़िश नहीं थी। पाटकर ने कहा, अगर आप पूरे शहर में लगे हमारे अन्य पोस्टर देखेंगे, तो उनमें खरगे जी की तस्वीर मौजूद है। यह सिर्फ एक छोटी सी चूक थी, जिसे बेवजह तूल दिया जा रहा है।

कांग्रेस बनाम बीजेपी का नया विवाद

यह मामला अब सिर्फ एक तस्वीर तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि दलित नेतृत्व और सम्मान जैसे गंभीर मुद्दों से जुड़ता दिख रहा है। जहां बीजेपी इसे कांग्रेस की सोच से जोड़कर देख रही है, वहीं कांग्रेस इसे एक ‘इंसानी गलती’ बताकर मामले को तूल न देने की अपील कर रही है।

Also Read: Tesla भारत में जल्द नहीं बनाएगी Electric Cars, सरकार ने दी जानकारी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.