Criminal Justice 4: इरा को किरदार निभाने वालीं खुशी भारद्वाज बोलीं- यह किरदार मेरे लिए एक सपना जैसा था
Sandesh Wahak Digital Desk: अभिनेत्री ख़ुशी भारद्वाज जल्द ही क्रिमिनल जस्टिस के चौथे सीज़न में एक खास किरदार में नज़र आएंगी। इस बार वह एक ऐसी लड़की का रोल निभा रही हैं जिसे एस्पर्जर सिंड्रोम है। शो में वह इरा का किरदार निभा रही हैं, जो कि सुरवीन चावला और मोहम्मद जीशान अय्यूब द्वारा निभाए गए पात्रों की बेटी है और एक हाई-प्रोफाइल मर्डर मिस्ट्री की मुख्य संदिग्ध भी।
अपने ऑडिशन और इस चुनौतीपूर्ण किरदार को निभाने के अनुभव को साझा करते हुए ख़ुशी ने कहा, ईमानदारी से कहूं तो ये रोल पाना मेरे लिए किसी सपने के सच होने जैसा था। इतने बड़े और सफल फ्रैंचाइज़ी का हिस्सा बनना बहुत ही खास अनुभव रहा। जब मुझे पता चला कि मुझे एक स्पेशल नीड्स वाले किरदार के लिए चुना गया है, तो थोड़ा डर भी लगा क्योंकि उसी वक्त मेरे दसवीं के बोर्ड एग्ज़ाम भी चल रहे थे। लेकिन मैंने ऑडिशन देने का फैसला किया और फिर इस किरदार के लिए खूब रिसर्च की। मैंने एस्पर्जर सिंड्रोम से जुड़ी कई वीडियो देखीं ताकि इसे सही तरीके से निभा सकूं।
खुशी ने आगे कहा, मैं ज़्यादा तो नहीं बता सकती कि आगे की कहानी में क्या होगा, लेकिन इतना कह सकती हूं कि कोर्ट रूम ड्रामा और इमोशनल सीन्स भरपूर होंगे। ये रोल आसान नहीं था, लेकिन असंभव भी नहीं था। मेरी स्कूल में कुछ स्पेशल नीड्स वाले बच्चे पढ़ते हैं, जिनमें से एक तो मेरी ही क्लास में था। उन्हें देखकर मैंने बहुत कुछ सीखा उनकी बातचीत, सोचने का तरीका और उनके व्यवहार के छोटे-छोटे पहलुओं को समझने में मदद मिली।
Also Read: यूपी में डीजी रैंक के तीन अफसरों का तबादला, नीरा रावत को मिली बड़ी जिम्मेदारी

