कर्नल पर फौजी साथियों संग मिलकर मकान तोड़ने का आरोप, पुलिस ने सेना मुख्यालय को भेजी रिपोर्ट
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के बागपत जनपद के वाजिदपुर गांव में पारिवारिक विवाद ने तब नया मोड़ ले लिया जब सेना में तैनात कर्नल तरुण कुमार ने अपने कुछ फौजी साथियों के साथ मिलकर एक घर में तोड़फोड़ कर दी। आरोप है कि सेना की गाड़ी में सवार होकर आए कर्नल और उनके साथी घर से सामान ले गए। पुलिस ने इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर सेना मुख्यालय और दिल्ली को जानकारी भेज दी है।
क्या है पूरा मामला
वाजिदपुर गांव निवासी 70 वर्षीय धीर सिंह तोमर, जो इंटर कॉलेज के पूर्व प्रधानाचार्य हैं, अपने परिवार के साथ गांव में रहते हैं। उन्होंने हाल ही में अपनी पुस्तैनी जमीन पर मकान बनवाया था, जिसे उन्होंने अपनी नाबालिग पोती हिमांशी को गिफ्ट किया था। उनके बेटे और हिमांशी के पिता का निधन 2011 में हो गया था।
धीर सिंह के मुताबिक, 17 मई 2025 को उनके छोटे भाई ऋषिपाल और उनके बेटे कर्नल तरुण कुमार ने जबरन उनके मकान का ताला तोड़ा। दो दिन बाद, 19 मई को दोपहर लगभग 2 बजे ऋषिपाल अपनी पत्नी, बेटे (कर्नल तरुण) और कुछ अन्य फौजी साथियों के साथ फिर से मकान पर पहुंचे।
सेना की वर्दी और गाड़ी में आए थे आरोपी
बताया गया कि सभी आरोपी सेना की वर्दी में थे और उनके पास सेना की एक गाड़ी थी, जिसकी नंबर प्लेट पर सफेद कागज चिपका हुआ था। आरोपियों ने घर के मुख्य दरवाजे और अंदर के दरवाजों को हथौड़ों से तोड़ डाला और सामान सेना की गाड़ी में भरकर ले गए।
वीडियो बना रही पोती से भी मारपीट
इस दौरान धीर सिंह की पोती हिमांशी ने अपने मोबाइल से पूरी घटना का वीडियो बनाना शुरू किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और गालियां दीं। यहां तक कि जान से मारने की धमकी भी दी गई। पीड़ित परिवार ने यह वीडियो पुलिस को सौंप दिया।
पुलिस की कार्रवाई और सेना को भेजी गई रिपोर्ट
बड़ौत कोतवाली के इंस्पेक्टर मनोज कुमार चहल ने बताया कि धीर सिंह की शिकायत पर कर्नल तरुण कुमार और उनके साथियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि यह मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा है और कोर्ट में स्टे भी लगा हुआ था। सीओ बड़ौत विजय कुमार ने बताया कि रिपोर्ट तैयार कर सेना मुख्यालय को भेज दी गई है। पुलिस वीडियो साक्ष्य के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।
Also Read: लखनऊ में कोरोना का पांचवां मामला आया सामने, स्वास्थ्य विभाग की बढ़ी चिंता

