Mathura: मिट्टी के टीले पर बने 6 मकान भरभराकर गिरे, 3 की मौत, कई अब भी दबे

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में रविवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जब गोविंद नगर थाना क्षेत्र में मिट्टी के टीले पर बने छह मकान अचानक भरभराकर गिर गए। इस हादसे में अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि चार लोगों को गंभीर हालत में मलबे से बाहर निकाला गया है। राहत एवं बचाव कार्य अब भी जारी है और अनुमान है कि 10 से 12 लोग अब भी मलबे के नीचे दबे हो सकते हैं।

घटना रविवार दोपहर करीब 12 बजे की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के वक्त इलाके में अचानक जोरदार आवाजें सुनाई दीं और देखते ही देखते छह मकान एक के बाद एक धराशायी हो गए। मकान जिस टीले पर बने थे, वह खुदाई के कारण कमजोर हो चुका था।

JCB से चल रही थी खुदाई, धंसी जमीन

स्थानीय लोगों का आरोप है कि हादसे से पहले पास के बाड़े (खुली जमीन) में एक निजी व्यक्ति द्वारा जेसीबी मशीन से खुदाई करवाई जा रही थी। इसी खुदाई के कारण मिट्टी धंस गई और टीले पर बने मकान गिरने लगे। अचानक हुई इस तबाही से लोग अपने घरों से बाहर निकलकर सड़कों पर आ गए। कई लोगों ने बताया कि ऐसा लगा जैसे भूकंप आ गया हो — किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

अब तक 3 की मौत, मृतकों में दो मासूम बच्चियां भी शामिल

तोताराम (38 वर्ष)

यशोदा (6 वर्ष)

काव्या (3 वर्ष) — दोनों सगी बहनें थीं

इसके अलावा चार लोगों को गंभीर हालत में मलबे से बाहर निकाला गया है और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश है। उनका कहना है कि जिस स्थान पर खुदाई हो रही थी, वह रिहायशी इलाका है और प्रशासन को इसकी जानकारी पहले ही होनी चाहिए थी। जेसीबी से हो रही खुदाई की न तो कोई निगरानी थी, न कोई अनुमति प्रतीत हो रही है। अब सवाल यह उठ रहा है कि क्या प्रशासन ने समय रहते कोई कदम उठाया होता, तो क्या यह हादसा रोका जा सकता था?

रेस्क्यू अभियान जारी, दमकल और नगर निगम की टीमें मौके पर

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, नगर निगम, फायर ब्रिगेड और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत कार्य शुरू कर दिया गया। मौके पर जेसीबी और अन्य मशीनों की सहायता से मलबा हटाया जा रहा है। अभी भी दर्जनों लोग दबे हो सकते हैं, जिन्हें निकालने के लिए युद्धस्तर पर कार्य हो रहा है।

थाना गोविंद नगर पुलिस ने घटना की प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि खुदाई करने वाले व्यक्ति की पहचान की जा सके और उसके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा सके।

Also Read: पुणे में इंद्रायणी नदी पर बना जर्जर पुल टूटा, 6 पर्यटकों की मौत, कई अब भी लापता

Get real time updates directly on you device, subscribe now.