Barabanki: मुठभेड़ में दो शातिर चोर गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली

Sandesh Wahak Digital Desk: बाराबंकी में शनिवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पकड़े गए दोनों आरोपी हाल ही में इलाके में हुई चोरी की वारदातों में शामिल थे और पहले से फरार चल रहे थे।

नहर पटरी पुल के पास हुई मुठभेड़

मुठभेड़ फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र के तालगांव नहर पटरी पुल के पास हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि दो अपराधी अपने साथियों से मिलने वहां पहुंचने वाले हैं। सूचना मिलते ही स्वॉट टीम और फतेहपुर पुलिस ने संयुक्त ऑपरेशन चलाया और इलाके की घेराबंदी की। पुलिस को देखकर बदमाश भागने लगे और फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें एक बदमाश घायल हो गया।

गिरफ्तार आरोपी पहले से हैं हिस्ट्रीशीटर

पुलिस ने जिन दो बदमाशों को पकड़ा है, उनकी पहचान मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के टेकुआ गांव निवासी पंकज उर्फ भागी (घायल) और रामनगर कोतवाली क्षेत्र के मजरा माधव जलालपुर, लाल का पुरवा समर सिंह उर्फ पपली के रूप में हुई है। पंकज पर 11 और समर पर 8 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, और दोनों ही अपने-अपने थानों के हिस्ट्रीशीटर माने जाते हैं।

चोरी की वारदात में पहले भी आ चुके हैं नाम

एएसपी उत्तरी विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि तीन अप्रैल को फतेहपुर क्षेत्र के बेहटी गांव में चोरी की एक बड़ी घटना हुई थी। इस वारदात में नकदी, जेवरात और अन्य कीमती सामान गायब हुआ था। जांच में यही दोनों आरोपी सामने आए। पुलिस ने इनके पास से 10,400 रुपये नकद और एक तमंचा भी बरामद किया है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.