मऊ में STF और पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तस्करी कर रहे ट्रक से 3.12 करोड़ का गांजा बरामद

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और मऊ शहर कोतवाली पुलिस ने नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 3 करोड़ से अधिक मूल्य का गांजा पकड़ा है। पुलिस टीम ने एक ट्रक से करीब 12.50 क्विंटल गांजा बरामद किया, जिसकी बाजार कीमत करीब 3.12 करोड़ रुपये आंकी गई है। यह ट्रक मऊ शहर के तालिमुद्दीन इंटर कॉलेज के पास से पकड़ा गया।

जानकारी के अनुसार, STF को सूचना मिली थी कि तस्कर एक ट्रक को सेना के वाहन जैसा रूप देकर गांजा तस्करी की योजना बना रहे हैं। इसी सूचना के आधार पर मऊ कोतवाली पुलिस और STF की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रक को घेराबंदी कर रोका।

गांजा की खेप ट्रक में घरेलू सामान के नीचे छिपाई गई थी। तस्कर ने सेना के अधिकारी के नाम से सामान की एक पर्ची भी ट्रक पर चस्पा कर रखी थी, ताकि शक न हो। जांच के दौरान ट्रक से भारी मात्रा में गांजा मिलने के बाद पुलिस ने मौके से जनपद सुल्तानपुर के गंगापुर भुलिया निवासी जर्नादन पांडेय को गिरफ्तार किया।

प्रति ट्रिप 70 हजार रुपये देने का तय हुआ था सौदा

पूछताछ में जर्नादन पांडेय ने बताया कि यह गांजा असम के अलबरा क्षेत्र से लोड कराया गया था। तस्करी का मास्टरमाइंड बलिया जिले के सुखपुरा निवासी छोटू नामक व्यक्ति है। छोटू ने ही असम में माल लोड कराया और इसे लखनऊ पहुंचाने के लिए प्रति ट्रिप 70 हजार रुपये देने का सौदा किया था। गांजा ट्रक में लादने के बाद ऊपर घरेलू सामान रख दिया गया था, ताकि किसी को शक न हो। पुलिस इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और तस्करी में शामिल अन्य लोगों की तलाश जारी है। STF और मऊ पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे नशे के कारोबार की एक बड़ी कड़ी पर प्रहार हुआ है।

Also Read: यूपी की एक और सीट पर उपचुनाव की सुगबुगाहट, बीजेपी से इनको मिल सकता है टिकट

 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.