Lucknow News: पत्नी के सामने सास-ससुर को बेरहमी से उतारा मौत के घाट
Lucknow News: राजधानी लखनऊ एक बार फिर सनसनीखेज वारदात से दहल उठी है। बीते जून महीने की कई खौफनाक घटनाएं अभी लोगों के जेहन से मिटी भी नहीं थीं कि अब आलमबाग के गढ़ी कनौरा में बुधवार रात करीब 9 बजे एक बेखौफ दामाद ने अपनी ससुराल में दाखिल होकर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर सास-ससुर को मौत के घाट उतार दिया। बताया जा रहा है कि कातिल दामाद और उसकी पत्नी के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था।
पत्नी चीखती रही, उसके सामने ही हुई वारदात
पुलिस उपायुक्त (मध्य) आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि गढ़ी कनौरा में 74 वर्षीय डॉ. अनंत राम, 72 वर्षीय अपनी पत्नी आशा देवी और बेटी पूनम के साथ रहते थे। करीब 10 साल पहले उनकी बेटी पूनम का विवाह महानगर क्षेत्र के निशातगंज निवासी जगदीश से हुआ था। शादी के बाद से ही पूनम और जगदीश के बीच किसी बात को लेकर लगातार अनबन चल रही थी। पति की प्रताड़ना से तंग आकर पूनम अपने माता-पिता के यहां आकर रहने लगी थी।
बुधवार रात करीब 9 बजे, अनंत राम का दामाद जगदीश ससुराल पहुंचा और अपनी पत्नी पूनम से बात करने की कोशिश की। पति की प्रताड़ना से डरी हुई पूनम ने उसके साथ जाने से साफ इनकार कर दिया। बात बढ़ने पर जगदीश ने पूनम को थप्पड़ जड़ दिया। यह देखकर अनंत राम और उनकी पत्नी आशा ने दामाद को रोकने की कोशिश की। बस इसी बात पर बौखलाए जगदीश ने अपने बैग में पहले से रखा चाकू निकाल लिया। जब तक दंपति कुछ समझ पाते, बेखौफ दामाद जगदीश ने उनके ऊपर ताबड़तोड़ चाकू से वार कर दिया, जिससे दोनों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि यह पूरी वारदात पूनम के सामने हुई और वह चीखती रही।
भाग रहे हत्यारे को स्थानीय लोगों ने पकड़ा
सास-ससुर की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। खुद को घिरा देखकर आरोपी जगदीश वहां से भागने लगा, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे दबोच लिया और जमकर पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने आनन-फानन में घायल दंपति को अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी दामाद जगदीश को गिरफ्तार कर लिया है। डीसीपी मध्य आशीष श्रीवास्तव के मुताबिक, पूनम की तहरीर पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की गहराई से छानबीन की जा रही है। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
Also Read: लखनऊ : हमें स्कूलों पर ताले नहीं, अपने बच्चों के लिए तालीम चाहिए-जिलाध्यक्ष

