Siddharthnagar News: दर्दनाक सड़क हादसे में वरिष्ठ पत्रकार इरशाद सिद्दीकी का निधन
Sandesh Wahak Digital Desk: पत्रकारिता जगत के लिए एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। वरिष्ठ पत्रकार और अवधनामा के सिद्धार्थनगर ब्यूरो प्रमुख इरशाद सिद्दीकी का बुधवार देर शाम एक सड़क हादसे में निधन हो गया। यह हादसा सुल्तानपुर जनपद में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर टोल प्लाजा के पास हुआ, जब उनकी कार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के समय वे वाहन में अकेले थे।
इरशाद सिद्दीकी अपने अखबारी कार्य से सिद्धार्थनगर से सुल्तानपुर की ओर जा रहे थे। अफसोस की बात है कि मंज़िल तक पहुंचने से पहले ही रास्ते में यह हादसा उनकी ज़िंदगी छीन ले गया।
बर्डपुर नंबर 1 के थे मूल निवासी
इरशाद सिद्दीकी मूलतः सिद्धार्थनगर जनपद के बर्डपुर नंबर 1 टोला पिपरहवा, थाना कोतवाली कपिलवस्तु के निवासी थे। बीते कुछ वर्षों से वे जिला मुख्यालय पर स्थायी रूप से रहने लगे थे। इसके साथ ही उन्होंने लखनऊ में भी निवास बना लिया था और परिवार सहित वहीं रहते थे।
इरशाद सिद्दीकी पत्रकारिता के क्षेत्र में एक जाना-पहचाना नाम थे। उन्होंने अवधनामा अखबार के साथ ही कई अन्य प्रमुख समाचार संस्थानों में भी कार्य किया। कम समय में उन्होंने न केवल सिद्धार्थनगर बल्कि लखनऊ जैसे बड़े केंद्रों में भी अपनी रिपोर्टिंग और सक्रियता से अच्छी पहचान बनाई।
उनकी लेखनी सामाजिक मुद्दों से लेकर राजनीतिक हलचलों तक को बेहद संजीदगी और निष्पक्षता के साथ प्रस्तुत करती थी। वे अपने काम को लेकर हमेशा समर्पित रहते थे और पत्रकारिता की मूल आत्मा को जिंदा रखते हुए कार्य करते रहे।
पत्रकारिता जगत में शोक की लहर
इरशाद सिद्दीकी के अचानक चले जाने से पूरे पत्रकार समुदाय में शोक की लहर है। खासकर पूर्वांचल क्षेत्र में उनके निधन को एक बड़ी क्षति माना जा रहा है। उनके साथी पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और राजनीतिक हस्तियों ने गहरा दुख व्यक्त किया है और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है।
परिजनों के मुताबिक, इरशाद सिद्दीकी की नमाज़-ए-जनाज़ा उनके पार्थिव शरीर के सिद्धार्थनगर पहुंचने के बाद अदा की जाएगी। वहीं, सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई थी और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्ट: जाकिर खान।
Also Read: सुप्रीम कोर्ट ने मुंबई ट्रेन धमाकों के आरोपियों को बरी करने के बॉम्बे हाई कोर्ट के…

