Mirzapur News: चौकी प्रभारी समेत 24 पुलिसकर्मी हुए लाइन हाजिर, जानिए क्या है पूरा मामला?
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में प्रसिद्ध मां विंध्यवासिनी धाम में दर्शन-पूजन और दक्षिणा को लेकर दो पंडा गुटों के बीच हुई मारपीट का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। इस गंभीर घटना पर पुलिस प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विंध्यधाम चौकी प्रभारी समेत 24 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है। वहीं, एक सिपाही को निलंबित भी कर दिया गया है।
क्या है पूरा मामला?
घटना 23 जुलाई की है, जब मां विंध्यवासिनी मंदिर परिसर में दर्शन कराने और दक्षिणा को लेकर दो पंडा पक्ष आपस में भिड़ गए। इस झगड़े में एक पंडा पर कैंची से हमला कर दिया गया, जिससे उसके चेहरे और हाथ पर गंभीर चोटें आईं। मारपीट की यह घटना उस वक्त हुई जब मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ थी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घायल पंडा निवेदित ने आरोप लगाया कि वह एक नए जजमान (श्रद्धालु) को दर्शन कराने मंदिर आया था। तभी मंदिर के बाहर मौजूद तीन अन्य पंडों से कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। निवेदित का दावा है कि हमलावरों ने उसे बुरी तरह पीटा और धारदार कैंची से हमला कर दिया।
तीनों आरोपी गिरफ्तार, हथियार बरामद
घटना के बाद स्थानीय पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही हमला करने में इस्तेमाल की गई कैंची भी बरामद कर ली गई है।
घटना के बाद यह सवाल उठने लगे कि मंदिर परिसर में इतने संवेदनशील स्थल पर तैनात पुलिसकर्मी उस वक्त क्या कर रहे थे? आरोप लगे कि स्थानीय पुलिसकर्मी पंडा गुटों से मिलीभगत रखते हैं और उन्होंने झगड़े को रोकने की कोशिश नहीं की।
एसपी मिर्जापुर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विंध्यधाम चौकी प्रभारी समेत 24 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है। इसके साथ ही एक पुलिसकर्मी को ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर सस्पेंड किया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक नितेश सिंह ने जानकारी दी कि घटना के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और सबूतों के आधार पर आरोपियों पर धाराएं और कड़ी की जाएंगी। उन्होंने यह भी कहा कि धार्मिक स्थल पर इस तरह की घटना बेहद निंदनीय और गंभीर है, जिसकी अनदेखी नहीं की जा सकती।
Also Read: यूपी में रोड सेफ्टी पर बड़ा फैसला: नियम तोड़ने वालों पर होगी सीधी कार्रवाई

