रूस में बड़ा विमान हादसा, अंगारा एयरलाइंस का प्लेन क्रैश, सभी 49 यात्रियों की मौत की आशंका
Sandesh Wahak Digital Desk: रूस के अमूर क्षेत्र से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। अंगारा एयरलाइंस का एक यात्री विमान बुधवार को उड़ान भरने के कुछ ही घंटों बाद रडार से गायब हो गया था, जो अब हादसे का शिकार हो चुका है। इस विमान में कुल 49 लोग सवार थे, जिनमें पांच बच्चे और छह क्रू मेंबर शामिल थे। रूस की सेना ने क्रैश साइट से विमान का मलबा बरामद कर लिया है। फिलहाल राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी है, लेकिन सभी 49 लोगों के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है।
AN-24 विमान था हादसे का शिकार
यह विमान AN-24 मॉडल का था, जो घरेलू उड़ानों के लिए इस्तेमाल किया जाता है। समाचार एजेंसी ‘TASS’ की रिपोर्ट के मुताबिक, विमान में कुल 43 यात्री और छह चालक दल के सदस्य सवार थे। विमान ने निर्धारित समय पर उड़ान भरी थी लेकिन कुछ समय बाद ही रडार से संपर्क टूट गया। जब विमान का कोई संकेत नहीं मिला तो सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया, जिसके बाद सेना को मलबा मिला।
पहले भी हो चुके हैं हादसे
गौर करने वाली बात यह है कि इसी एयरलाइंस के AN-24 विमान में दो महीने पहले भी एक बड़ा तकनीकी हादसा हुआ था। किरेन्स्क में लैंडिंग के दौरान विमान का नोज गियर टूट गया था, जिससे रनवे पर आग लग गई थी। हालांकि, उस वक्त किसी की जान नहीं गई थी। वहीं जुलाई 2023 में भी इसी सीरिज का एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें 37 यात्री सवार थे।
अंगारा एयरलाइंस, रूस की एक घरेलू एयरलाइन कंपनी है जो ईस्टलैंड ग्रुप के अधीन आती है। इसकी स्थापना वर्ष 2000 में हुई थी और यह मुख्य रूप से साइबेरिया और रूस के अंदरूनी क्षेत्रों में यात्रियों को सेवा प्रदान करती है। यह कंपनी चार्टर फ्लाइट्स भी ऑपरेट करती है। इरकुत्स्क एयरपोर्ट पर इसका सबसे बड़ा हैंगर कॉम्प्लेक्स और ग्राउंड हैंडलिंग यूनिट है, जहां इसके विमानों की सर्विसिंग और रखरखाव किया जाता है।
एयरलाइंस का बेड़ा और संसाधन
अंगारा एयरलाइंस के पास कुल 32 विमान हैं, जिनमें से प्रमुख हैं- 5 AN-148, 7 AN-24, 3 AN-26-100, 2 AN-2, 11 MI-8 हेलीकॉप्टर (विभिन्न मॉडलों में)।
इस दुर्घटना ने एक बार फिर रूस में छोटे और पुराने विमानों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जांच एजेंसियां हादसे के कारणों की पड़ताल में जुट गई हैं। वहीं पीड़ित परिवारों को हादसे की सूचना दे दी गई है और उन्हें मानसिक व कानूनी सहायता मुहैया कराई जा रही है।
Also Read: इमरान खान की पार्टी को बड़ा झटका, 7 नेताओं को 10 साल की…

