Barabanki News: दो निजी स्कूलों में पढ़ाई के दौरान बेहोश हुईं कई छात्राएं, मची अफरा-तफरी

Sandesh Wahak Digital Desk: बाराबंकी में स्कूली बच्चों के अचानक बेहोश होने की घटनाएं लगातार चिंता का विषय बनी हुई हैं। शुक्रवार दोपहर एक बार फिर दो निजी विद्यालयों रानी लक्ष्मीबाई इंटर कॉलेज और साईं इंटर कॉलेज में कक्षा के दौरान करीब 6 से 7 छात्राएं अचानक बेहोश हो गईं, जिससे स्कूल में अफरा-तफरी मच गई।

घटना होते ही स्कूल प्रशासन ने बेहोश हुई छात्राओं को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की टीम उनका इलाज कर रही है। डॉक्टरों के मुताबिक सभी छात्राएं काफी डरी और मानसिक रूप से अस्थिर हैं। बच्चियों की हालत में अब सुधार है लेकिन परिजन बेहद परेशान हैं।

भीषण गर्मी और अव्यवस्थाएं बनीं वजह?

साईं इंटर कॉलेज में एक छात्रा के परिजनों ने स्कूल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि एक-एक कक्षा में 60–70 बच्चे ठूंसे जाते हैं, जबकि पंखे गिनती के 3-4 ही होते हैं। वह भी तभी चलते हैं जब बिजली होती है। बिजली जाते ही पंखे बंद हो जाते हैं और जनरेटर तक नहीं चलाया जाता। ऐसे में तेज गर्मी और दमघोंटू माहौल में बच्चों का बेहोश होना कोई आश्चर्य की बात नहीं है।

परिजनों ने प्रशासन से विद्यालयों में पर्याप्त पंखों, बिजली बैकअप और उचित वेंटिलेशन की व्यवस्था करने की मांग की है ताकि बच्चों की सेहत को खतरे में न डाला जाए।

लगातार सामने आ रहीं हैं ऐसी घटनाएं

गौरतलब है कि शुक्रवार सुबह भी फतेहपुर ब्लॉक के उच्च प्राथमिक विद्यालय रसौली में तीन छात्र अचानक बेहोश हो गए थे। उन्हें पास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया था। ये मामला सरकारी स्कूल से जुड़ा था, जबकि इससे पहले बेहोशी की लगभग सभी घटनाएं निजी विद्यालयों में देखने को मिली हैं।

बाराबंकी जिले के कई निजी स्कूलों में पिछले कुछ दिनों से बच्चों के अचानक बेहोश होने की खबरें लगातार आ रही हैं। कुछ मामलों में बच्चों की मौत भी हो चुकी है, जिसकी वजह ‘साइलेंट अटैक’ और हृदय से जुड़ी समस्याएं बताई गई थीं। हालांकि अधिकांश मामलों में कोई स्पष्ट कारण नहीं मिल पाया है। इस पूरे घटनाक्रम से अभिभावकों में गहरी चिंता और भय का माहौल है। बच्चे स्कूल जाने से डर रहे हैं और माता-पिता अपनी संतानों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।

 

Also Read: Bahraich News: AAP सांसद संजय सिंह ने उपराष्ट्रपति के इस्तीफे और बिहार-यूपी की राजनीति पर उठाए गंभीर…

Get real time updates directly on you device, subscribe now.