कारगिल विजय दिवस पर आर्मी चीफ का बयान, भारत की संप्रभुता से खिलवाड़ करने वालों को मिलेगा मुंहतोड़ जवाब
Sandesh Wahak Digital Desk: आज 26वें कारगिल विजय दिवस के पावन अवसर पर, भारतीय थल सेनाध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने उन सभी वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की, जिन्होंने 1999 में देश की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए थे। इस भावुक समारोह को संबोधित करते हुए जनरल द्विवेदी ने स्पष्ट संदेश दिया कि अब भारत की संप्रभुता से खिलवाड़ करने वालों को मुंहतोड़ जवाब मिलेगा, और यही भारत का न्यू नॉर्मल है।
जनरल द्विवेदी ने कहा, मैं चौथी बार कारगिल विजय दिवस के इस पावन आयोजन में सम्मिलित होकर गर्वित और भावुक महसूस कर रहा हूं। पिछले साल 2024 में हमने रजत जयंती के रूप में इस विजय गाथा का स्मरण किया। उन्होंने आगे कहा, हम उन बहादुर नायकों को नमन करते हैं जिन्होंने अपने प्राणों की आहुति दी ताकि हम गरिमा के साथ शांतिपूर्वक रह सकें।
भविष्य के लिए तैयार है भारतीय सेना
थल सेनाध्यक्ष ने भारत की सुरक्षा को लेकर दो टूक बात कही। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा, जो भी शक्तियां भारत की संप्रभुता, अखंडता या जनता को क्षति पहुंचाने की योजना बना रही हैं, उन्हें करारा जवाब दिया जाएगा, यही भारत देश का न्यू नॉर्मल है।
जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने भारतीय सेना की वर्तमान स्थिति पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, आज की भारतीय सेना न केवल वर्तमान चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना कर रही है, बल्कि एक गतिशील, आधुनिक और भविष्य के लिए तैयार बल के रूप में हर दिन तेजी से आगे बढ़ रही है।
Also Read: संदेश वाहक के 20 वर्ष: जनसरोकार हमारा लक्ष्य

