Shravasti News: कटरा-मथुरा घाट पर पक्के पुल का सपना जल्द होगा साकार
19 मई 2024 के अंक में ‘संदेश वाहक’ ने उठाया था कटरा-मथुरा घाट पर पुल निर्माण का मुद्दा, सीएम ने प्रस्ताव को दी मंजूरी
Sandesh Wahak Digital Desk/Mata Prasad Verma: अंतराष्ट्रीय बौद्ध स्थली श्रावस्ती से नेपाल सीमा को जोडऩे वाले कटरा-चौधरीडीह मार्ग पर राप्ती नदी के कटरा-मथुरा घाट पर ग्रामीणों के पक्के पुल का सपना अब जल्द ही पूरा होने वाला है। कटरा-मथुरा घाट पर दशकों से ग्रामीण पक्के पुल की मांग कर रहे थे। इस पुल की मांग को लेकर ग्रामीण कई बार विरोध प्रदर्शन तथा चुनाव में मतदान के बहिष्कार की घोषणा भी कर चुके थे।

प्रस्ताव पर मुहर लगने की सूचना से ग्रामीणों में खुशी की लहर
ग्रामीणों को हर बार प्रत्याशियों के झूठे वायदों का शिकार होना पड़ा था। ऐसे में लोकसभा चुनाव के दौरान ‘संदेश वाहक’ समाचार पत्र ने 19 मई 2024 के अंक में विस्तृत खबर प्रकाशित कर इस क्षेत्र के ग्रामीणों की मुख्य समस्या को प्रमुखता पूर्वक उठाया था। जिसपर प्रदेश की योगी सरकार ने संज्ञान लेते हुए अपने विधायकों के प्रस्ताव पर इस पुल के निर्माण को अपनी स्वीकृति दे दी है, जिससे अब जल्द ही कटरा-मथुरा घाट पर पक्के पुल का निर्माण शुरू हो सकता है। इस पुल के लिए मुख्यमंत्री की स्वीकृति मिलते ही ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई है।

इस पुल के लिए मुख्यमंत्री द्वारा स्वीकृति दिए जाने की जानकारी देते हुए श्रावस्ती विधायक राम फेरन पाण्डेय ने बताया कि लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास पर शनिवार को देवीपाटन एवं अयोध्या मंडल के जनप्रतिनिधियों के साथ मुख्यमंत्री द्वारा किए गए विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में मैंने कटरा-मथुरा घाट पर पक्के पुल निर्माण की मांग की, जिसपर मुख्यमंत्री द्वारा स्वीकृति प्रदान कर दी गई है।

लंबे समय से कर रहे थे पक्के पुल के निर्माण की मांग
जल्द ही निर्माण कार्य शुरू हो जायेगा। पुल निर्माण की स्वीकृति मिलने के बाद अपने सोशल मीडिया एकाउंट पर विधायक ने लिखा कि कटरा-मथुरा घाट पर पुल निर्माण न केवल आवागमन को आसान बनाएगा बल्कि आर्थिक और सामाजिक गतिविधियों को भी नया आयाम देगा। श्रावस्ती-बलरामपुर की जनता की वर्षों पुरानी मांग को साकार करने के लिए मुख्यमंत्री का हृदय से आभार।

‘पुल नहीं तो वोट नहीं’ पर किए वादे को विधायक ने किया पूरा
विगत विधानसभा चुनाव में बगहा समेत आसपास के मतदाताओं ने राप्ती नदी के कटरा-मथुरा घाट पर पुल निर्माण की मांग को मुद्दा बनाते हुए (पुल नहीं तो वोट नहीं) स्लोगन के साथ चुनावी बहिष्कार किया था। बाद में अधिकारियों के समझाने बुझाने तथा वर्तमान विधायक व प्रत्याशी राम फेरन पाण्डेय द्वारा पुल बनवाने के वादे के बाद ग्रामीणों ने मतदान कर दिया था। विधायक राम फेरन पाण्डेय ने अपने उस वादे को पूरा करने के लिए सीएम की स्वीकृति ले चुके हैं।
Also Read: Bulandshaher News: इंटर कॉलेज में अचानक बेहोश होने लगे छात्र-छात्राएं, फॉगिंग के बाद…

