वर्ल्ड चैंपियंस लीग में भारत-पाक सेमीफाइनल पर संकट, स्पॉन्सर ने कहा- आतंकवाद और क्रिकेट साथ नहीं चल सकते
Sandesh Wahak Digital Desk: वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स (डब्ल्यूसीएल) में 31 जुलाई को होने वाले इंडिया चैंपियंस और पाकिस्तान चैंपियंस के बीच सेमीफाइनल मैच पर अब सवालिया निशान लग गया है। टूर्नामेंट के टॉप स्पॉन्सर में से एक ‘इजीमायट्रिप’ ने घोषणा की है कि वह इस भारत-पाकिस्तान मुकाबले से नहीं जुड़ेगा। कंपनी ने अपनी पुरानी नीति को दोहराते हुए कहा है कि वह पाकिस्तान से जुड़े किसी भी मैच में शामिल नहीं होती।
ट्रैवल-टेक कंपनी के सह-संस्थापक निशांत पिट्टी ने ‘एक्स’ (पहले ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए लिखा, हम टीम इंडिया चैंपियंस की वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स में शानदार प्रदर्शन के लिए सराहना करते हैं। आपने देश को गौरवान्वित किया है। उन्होंने आगे कहा, हालांकि, पाकिस्तान के खिलाफ आगामी सेमीफाइनल कोई साधारण मैच नहीं है। आतंकवाद और क्रिकेट साथ-साथ नहीं चल सकते। हम भारत के साथ खड़े हैं। हम ऐसे किसी भी आयोजन का समर्थन नहीं कर सकते, जो आतंकवाद को बढ़ावा देने वाले देश के साथ संबंध सामान्य करने की कोशिश करता हो।
देश पहले, बिजनेस बाद में
पिट्टी ने अपने पोस्ट में आगे लिखा, भारत के लोगों ने अपनी बात रखी है और हम उनकी बात सुन रहे हैं। इजीमायट्रिप, डब्ल्यूसीएल में भारत-पाकिस्तान मैच से नहीं जुड़ेगा। कुछ चीजें खेल से बड़ी होती हैं। देश पहले, बिजनेस बाद में।
गौरतलब है कि इससे पहले, भारतीय खिलाड़ियों और एक प्रमुख टूर्नामेंट स्पॉन्सर के कड़े विरोध के बाद, भारत-पाकिस्तान की टीमों के बीच लीग चरण का मुकाबला भी आधिकारिक तौर पर रद्द कर दिया गया था। यह सब पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद हुआ, जिसमें 26 लोग मारे गए थे, जिसने दोनों देशों के बीच सैन्य तनाव को और बढ़ा दिया था।
Also Read: बेटिंग ऐप्स प्रमोशन मामला, अभिनेता प्रकाश राज से ED ने की पूछताछ, कई सेलिब्रिटीज भी रडार पर

