Lucknow Crime News: STF की बड़ी कार्रवाई, 156 किलो गांजे के साथ तस्कर गिरोह का सरगना गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और लखनऊ पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले एक संगठित गिरोह के सरगना को भारी मात्रा में गांजे के साथ गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने उसके पास से 156.600 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 39.25 लाख रुपये बताई जा रही है। साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्कार्पियो कार (UP 32 MA 7958) भी जब्त कर ली गई है।

यह कार्रवाई 3 अगस्त की रात करीब 11:47 बजे, लखनऊ के नगराम थाना क्षेत्र स्थित पटवा खेड़ा मोड़ के पास की गई। गिरफ़्तार किए गए व्यक्ति की पहचान शिवम यादव पुत्र शेर बहादुर यादव, निवासी सलेमपुर अचाका, थाना नगराम, मोहनलालगंज के रूप में हुई है।

कैसे हुआ खुलासा?

STF को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त गिरोह लखनऊ व आसपास के जिलों में सक्रिय है। इसी क्रम में STF के पुलिस उपाधीक्षक श्री धर्मेश कुमार शाही के पर्यवेक्षण में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसमें निरीक्षक राघवेन्द्र सिंह सहित कई अधिकारी शामिल थे।

इस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर लखनऊ पुलिस के मोहनलालगंज क्षेत्राधिकारी और नगराम थाना टीम के साथ मिलकर छापा मारा। छापे के दौरान आरोपी शिवम यादव को स्कॉर्पियो में गांजा लेकर आते हुए पकड़ा गया।

गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में उसने खुलासा किया कि वह अपने साथी सूरज सिंह पुत्र शिवपूजन सिंह (निवासी बहुरवा, थाना बल्दीराय, सुल्तानपुर) के साथ मिलकर आंध्र प्रदेश और ओडिशा से गांजा लाकर लखनऊ, सुल्तानपुर, रायबरेली समेत कई जिलों में तस्करों को सप्लाई करता था।

उसने यह भी बताया कि पिछले दो वर्षों से वह इसी काम में लिप्त है और गांजे की कमाई से ही स्कॉर्पियो खरीदी गई थी।

आपराधिक इतिहास भी आया सामने

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी शिवम यादव के खिलाफ पहले से ही थाना पीजीआई, लखनऊ में मुकदमा संख्या 324/2022 दर्ज है, जिसमें उस पर धारा 120B, 409, 420, 477 के तहत गंभीर आरोप हैं।

अब आरोपी के खिलाफ थाना नगराम, लखनऊ में मुकदमा संख्या 181/25, धारा 8/20/29/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही है।

Also Read: Delhi Crime News: संसद भवन के पास महिला सांसद की सोने की चेन खींचकर भागे बाइक सवार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.