Varanasi News: समोसे में मरी हुई छिपकली मिलने से मचा हड़कंप, दो लोग बीमार, दुकानदार पर केस दर्ज
Sandesh Wahak Digital Desk: वाराणसी के जंसा थाना क्षेत्र के बरनी चौराहे स्थित एक मिठाई की दुकान से खरीदे गए समोसे में मरी हुई छिपकली मिलने से हड़कंप मच गया।
समोसा खाने के बाद दो लोगों की तबीयत बिगड़ गई और उन्हें उल्टी-दस्त की शिकायत होने लगी। शिकायत करने पर ग्राहक और दुकानदार के बीच विवाद इतना बढ़ा कि मामला पुलिस तक पहुंच गया।
बरनी गांव निवासी धर्मेंद्र कुमार ने थाने में दी गई तहरीर में बताया कि सोमवार सुबह उसने अपने घर आए रिश्तेदारों के लिए मिठाई लाल यादव की दुकान से 20 समोसे मंगवाए थे।
समोसे खाने के कुछ देर बाद ही दो रिश्तेदारों को उल्टी-दस्त शुरू हो गया। जब समोसे को ध्यान से देखा गया तो उसमें मरी हुई छिपकली निकली।
विवाद और गाली-गलौज
धर्मेंद्र जब समोसा लेकर शिकायत करने दुकान पर पहुंचा, तो दुकानदार और उसके पुत्र ने गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट पर उतारू हो गए।
सूचना मिलने पर 112 डायल कर पुलिस को बुलाया गया। पुलिस जब दुकानदार को थाने चलने को कहने लगी तो वह दुकान बंद कर मौके से फरार हो गया।
पुलिस कर रही जांच
जंसा थाने में धर्मेंद्र कुमार की तहरीर पर मिठाई दुकान संचालक पिता-पुत्र के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
Also Read: Lucknow News: सपा छात्र सभा का हंगामा, गिरफ्तारी पर पुलिस से हुई झड़प

