Siddharthnagar News: अखिलेश और राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में सपा का प्रदर्शन, किया चक्का जाम
Sandesh Wahak Digital Desk: दिल्ली में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत करीब 300 सांसदों की गिरफ्तारी के विरोध में सिद्धार्थनगर में जमकर हंगामा हुआ। सोमवार को समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष लालजी यादव के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट के सामने नौगढ़-बांसी मुख्य मार्ग पर चक्का जाम कर दिया।

‘योगी-मोदी मुर्दाबाद’, ‘वोट चोरी बंद करो’ के नारों से गूंजा परिसर
प्रदर्शनकारी, जो दिल्ली में चुनाव आयोग और केंद्र सरकार के इशारे पर हुई गिरफ्तारी से नाराज थे, लगभग एक घंटे तक सड़क पर बैठे रहे। इस दौरान उन्होंने ‘योगी-मोदी मुर्दाबाद’, ‘अखिलेश यादव-राहुल गांधी को रिहा करो’, और ‘वोट चोरी बंद करो’ जैसे जोरदार नारे लगाए, जिससे पूरा इलाका गूंज उठा।
स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को इस चक्का जाम को खत्म कराने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। बाद में, जिला अध्यक्ष लालजी यादव ने प्रशासन को एक ज्ञापन सौंपा और दोनों नेताओं की तत्काल रिहाई की मांग की।
20 अगस्त को होगा बड़ा आंदोलन
प्रेस को संबोधित करते हुए लालजी यादव ने चेतावनी दी कि जब भी केंद्र और प्रदेश सरकार जनता से डरती है, तो पुलिस को आगे कर देती है। उन्होंने ऐलान किया कि 20 अगस्त को पूरे जिले में एक बड़ा चक्का जाम और धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
रिपोर्ट : जाकिर खान
Also Read: पुणे में भीषण सड़क हादसा, अनियंत्रित कंटेनर ने 7 श्रद्धालुओं को कुचला, मौत

