Lucknow News: युवक ने किया सुसाइड, परिवार में मचा कोहराम, जांच में जुटी पुलिस
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ में आत्महत्या के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। सोमवार को ऐसा ही एक और दुखद मामला गोमती नगर विस्तार के खरगापुर इलाके से सामने आया। यहाँ सुमित कश्यप नाम के एक युवक ने अपने घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।
कमरे का दरवाजा न खुलने पर परिजनों को हुआ शक
थाना प्रभारी गोमती नगर विस्तार के मुताबिक, सुमित के परिवार वालों ने बताया कि रविवार रात को सुमित ने अपने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया था। चूंकि वह अक्सर ऐसा करता था, इसलिए परिजनों ने सोचा कि वह आराम कर रहा होगा और दरवाजा खुलने का इंतजार करते रहे। लेकिन सोमवार सुबह भी जब दरवाजा नहीं खुला, तो परिजनों को शक हुआ और उन्होंने तुरंत डायल 112 और स्थानीय पुलिस को सूचना दी।
दरवाजा तोड़ने पर अंदर लटकता मिला शव
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर काफी देर तक दरवाजा खुलवाने की कोशिश की, लेकिन जब कोई जवाब नहीं मिला तो पुलिस को दरवाजा तोड़ना पड़ा। अंदर का मंजर देखकर सब दंग रह गए, सुमित का शव फंदे से लटक रहा था।
पुलिस के अनुसार, परिजनों ने बताया कि सुमित लंबे समय से मानसिक तनाव से जूझ रहा था। उसके सिर में चोट लगने के बाद वह और भी ज्यादा परेशान रहने लगा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, शुरुआती जांच में यह आत्महत्या का मामला लग रहा है, लेकिन पुलिस हर पहलू से इसकी पड़ताल कर रही है।
Also Read: Jalaun News: हत्या के आरोप में फंसे कांग्रेस और बसपा के पूर्व विधायक,…

