Lucknow News: सपा महिला सभा का चुनाव आयोग कार्यालय पर प्रदर्शन, पुलिस से हुई नोकझोंक
Sandesh Wahak Digital Desk: समाजवादी पार्टी (सपा) महिला सभा ने बुधवार को लखनऊ के हजरतगंज स्थित चुनाव आयोग कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। ‘चुनाव आयोग चोर है’ के नारे लगाते हुए महिला कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। इस दौरान पुलिस ने उन्हें जबरन हिरासत में लिया, जिसके चलते महिला कार्यकर्ताओं और पुलिसकर्मियों के बीच तीखी बहस और धक्का-मुक्की भी हुई।

‘लोकतंत्र की हत्या हो रही है’
प्रदर्शनकारी महिलाएं चुनाव आयोग कार्यालय के गेट पर धरने पर बैठ गईं। रंजना वर्मा ने आरोप लगाया कि देश में लोकतंत्र की हत्या हो रही है और वोटों की चोरी की जा रही है। उन्होंने कहा कि वे चुनाव आयोग से मिलने आई थीं, लेकिन उन्हें मिलने नहीं दिया गया और उनके साथ बदतमीजी की गई। रंजना ने कहा, आम जनता का विश्वास मिट्टी में मिल रहा है, जिसे हम बर्दाश्त नहीं करेंगे।

एक अन्य प्रदर्शनकारी वंदना सिंह ने कहा कि विपक्षी नेताओं ने चुनाव आयोग को धांधली के सबूत दिए हैं, फिर भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस लगातार उनके साथ धक्का-मुक्की कर रही है। उन्होंने दिल्ली में सपा नेता अखिलेश यादव और अन्य विपक्षी नेताओं को हिरासत में लिए जाने की भी निंदा की।
पुलिस ने हिरासत में लिया
पुलिस ने काफी देर तक हुई नोकझोंक के बाद दोनों महिलाओं को घसीटकर हिरासत में लिया और ईको गार्डन ले गई। विपक्षी दल लगातार चुनाव आयोग को घेरने की कोशिश कर रहे हैं। इसे देखते हुए चुनाव आयोग कार्यालय के दोनों रास्तों पर बैरिकेडिंग लगाकर इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है।

