Varanasi News: तालाब में नहाते समय डूबने से युवक की मौत, गांव में पसरा मातम
Sandesh Wahak Digital Desk: वाराणसी के राजातालाब थाना क्षेत्र के मरुई गांव में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में स्नान करते समय 20 वर्षीय रितेश हरिजन की तालाब में डूबने से मौत हो गई।
यह घटना जख्खिनी पुलिस चौकी अंतर्गत हरिजन बस्ती में उस समय हुई जब रितेश चार–पांच बच्चों के साथ तालाब में नहा रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रितेश जब डूबने लगा तो उसके साथ मौजूद बच्चों ने शोर मचाया, जिससे गांव के लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने तुरंत जाल डालकर तालाब में खोजबीन शुरू की, और कड़ी मशक्कत के बाद रितेश को अचेतावस्था में बाहर निकाला।
परिजन उसे लेकर स्थानीय चिकित्सक के पास पहुंचे, लेकिन डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इंटर का छात्र था रितेश
मृतक रितेश हरिजन इंटरमीडिएट का छात्र था और तीन भाइयों में मंझला था। उसकी असमय मौत से परिवार पर दु:खों का पहाड़ टूट पड़ा। मां गुंजा देवी और पिता विजय उर्फ गुड्डू का रो-रोकर बुरा हाल है।
मौके पर पहुंची पुलिस, शव भेजा पोस्टमार्टम के लिए
घटना की सूचना मिलते ही राजातालाब थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गांव में पसरा मातम
रविवार सुबह हुए इस हादसे के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक के मित्र और ग्रामीण इस हादसे से स्तब्ध हैं। हर कोई परिवार के प्रति संवेदना प्रकट कर रहा है।
रिपोर्ट- मदन मुरारी पाठक

