Azamgarh News: ग्राम प्रधान की जांच करने पहुंची टीम के सामने दो पक्षों में मारपीट, FIR दर्ज
Azamgarh News: आजमगढ़ जिले के गंभीरपुर थाना क्षेत्र में बुधवार को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। यहां जिला विकास अधिकारी की मौजूदगी में ही ग्राम प्रधान की जांच को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। पुलिस ने इस मामले में दोनों पक्षों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
हरखपुर गांव के प्रधान जितेंद्र सेठ की शिकायत अजय राय ने अधिकारियों से की थी। अजय राय ने आरोप लगाया था कि प्रधान द्वारा गांव के विकास कार्यों में बड़े पैमाने पर अनियमितता की गई है। इसी शिकायत की जांच के लिए जब अधिकारी और जांच टीम गांव पहुंची, तो शिकायतकर्ता और प्रधान पक्ष के लोगों के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों के लोग आपस में भिड़ गए और मारपीट शुरू कर दी।
इस मारपीट में आशुतोष राय, नवीन राय, पीयूष राय और अभिषेक राय का नाम सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर गंभीरपुर थाने में इन सभी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस छानबीन में जुट गई है।
पंचायत चुनाव की वजह से बढ़ रही है ऐसी घटनाएं
एसपी सिटी मधुबन कुमार सिंह ने बताया कि यह पूरा विवाद प्रधानी से जुड़ा हुआ है। चूंकि आने वाले समय में पंचायत चुनाव होने हैं, इसलिए प्रधानों की शिकायतें लगातार बढ़ रही हैं। इसी वजह से आए दिन इस तरह की घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने यह भी बताया कि मौके पर कानून-व्यवस्था पूरी तरह से सामान्य है, हालांकि मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

