निर्माण श्रमिकों के लिए योगी सरकार की खास योजनाएं, बच्चों की पढ़ाई से लेकर शादी तक मिलेगी मदद
Sandesh Wahak Digital Desk: कुशीनगर जिले में उत्तर प्रदेश में निर्माण क्षेत्र से जुड़े श्रमिकों के लिए सरकार ने कई कल्याणकारी योजनाएं शुरू की हैं। अब राजमिस्त्री, वेल्डर, इलेक्ट्रिशियन, बढ़ई और दिहाड़ी मजदूर जैसे कामगार ऑनलाइन आवेदन करके इन योजनाओं का लाभ उठा सकते हैं। यह जानकारी श्रम प्रवर्तन अधिकारी अलंकृता उपाध्याय ने दी है।
मिलेंगी ये खास सुविधाएं
कन्या विवाह सहायता योजना: पंजीकृत श्रमिक को अपनी दो बेटियों की शादी के लिए प्रति बेटी ₹55,000 की आर्थिक मदद सीधे बैंक खाते में मिलेगी।
मातृत्व, शिशु एवं बालिका मदद योजना: बच्चे के जन्म पर सहायता राशि दी जाएगी। बेटे के जन्म पर ₹26,000 से ₹50,000 तक और बेटी के जन्म पर ₹31,000 से ₹55,000 तक की धनराशि मिलेगी। इसके अलावा, बेटी के नाम पर ₹25,000 की फिक्स्ड डिपॉजिट भी कराई जाएगी।
मृत्यु एवं दिव्यांगता सहायता योजना: काम के दौरान दुर्घटना में मौत होने पर ₹5.25 लाख और सामान्य मृत्यु पर ₹2.25 लाख मिलेंगे। दिव्यांग होने पर भी डॉक्टर के प्रमाण पत्र के आधार पर आर्थिक मदद दी जाएगी।
संत रविदास शिक्षा प्रोत्साहन योजना: श्रमिकों के दो बच्चों को पढ़ाई के लिए सहायता मिलेगी। स्नातक के लिए ₹12,000, आईटीआई या पॉलिटेक्निक के लिए ₹12,000 और प्रोफेशनल कोर्स के लिए ₹60,000 तक की मदद मिलेगी। इसके अलावा, कक्षा 9 से 12 तक के छात्रों को साइकिल खरीदने के लिए ₹4,500 मिलेंगे।
श्रम प्रवर्तन अधिकारी ने सभी श्रमिकों से अपील की है कि वे इन योजनाओं का लाभ उठाने के लिए जल्द से जल्द ऑनलाइन आवेदन करें।
रिपोर्ट: राघवेंद्र मल्ल
Also Read: Kushinagar News: जर्जर सरकारी भवनों पर चलेगा बुलडोजर, डीएम ने मांगी रिपोर्ट

