अमेरिका से फिर शुरू हुई व्यापार वार्ता, पीएम मोदी ने ट्रंप को बताया करीबी दोस्त
Sandesh Wahak Digital Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिका को भारत का करीबी दोस्त और स्वाभाविक साझेदार बताते हुए दोनों देशों के बीच व्यापार वार्ताओं को लेकर भरोसा जताया है। यह बयान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस पोस्ट के बाद आया है, जिसमें उन्होंने पीएम मोदी को अपना बहुत अच्छा दोस्त कहा था और व्यापार वार्ता फिर से शुरू करने की घोषणा की थी।
पीएम मोदी ने ट्रंप के पोस्ट को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा करते हुए लिखा, भारत और अमेरिका करीबी दोस्त और नेचुरल पार्टनर्स हैं। मुझे भरोसा है कि हमारी व्यापार वार्ताएं भारत-अमेरिका साझेदारी की असीमित संभावनाओं का रास्ता खोलेंगी।
उन्होंने यह भी कहा कि दोनों देशों की टीमें इन चर्चाओं को जल्द से जल्द पूरा करने के लिए काम कर रही हैं। पीएम मोदी ने राष्ट्रपति ट्रंप से जल्द बात करने की इच्छा जताते हुए कहा कि वे मिलकर दोनों देशों के लोगों के लिए एक उज्ज्वल और समृद्ध भविष्य सुनिश्चित करेंगे।
राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने ‘ट्रुथ सोशल’ अकाउंट पर यह घोषणा की थी कि उनके प्रशासन ने भारत के साथ व्यापार वार्ता फिर से शुरू कर दी है। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों महान देशों के लिए एक सफल निष्कर्ष पर पहुंचना मुश्किल नहीं होगा। इससे पहले, ट्रंप ने शुक्रवार को भी व्हाइट हाउस में पीएम मोदी को अपना महान प्रधानमंत्री और दोस्त बताया था।
Also Read: नेपाल में हिंसक प्रदर्शनों का असर, पशुपतिनाथ मंदिर बंद, पीएम मोदी ने की शांति की अपील

