Bareilly News: 10 लाख की स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, पूछताछ में हुआ खुलासा
Sandesh Wahak Digital Desk: बरेली पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले एक गिरोह पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से अंतर्राष्ट्रीय बाज़ार में करीब 10 लाख रुपये कीमत की 103 ग्राम स्मैक और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
कैसे हुई गिरफ्तारी?
यह गिरफ्तारी 10 सितंबर की रात को बारादरी थाना पुलिस द्वारा की गई। बारादरी पुलिस की टीम इलाके में गश्त कर रही थी, तभी मुखबिर से उन्हें मादक पदार्थ बेचने जा रहे दो व्यक्तियों के बारे में सूचना मिली।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत हरूनगला पुल के पास दबिश दी और दोनों आरोपियों को धर दबोचा। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान मोहम्मद जीशान (30) और आरिफ (28) के रूप में हुई है। दोनों ही नवाबगंज, बरेली के रहने वाले हैं।
पूछताछ में हुआ खुलासा
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने यह स्मैक नवाबगंज के आरिफ उर्फ रसूल शाह नाम के एक व्यक्ति से खरीदी थी। वे इसे अलग-अलग जगहों पर घूमकर राहगीरों को बेचते थे, जिससे उन्हें अच्छा पैसा मिल जाता था। दोनों आज भी स्मैक बेचने के लिए आए थे, लेकिन पुलिस के हत्थे चढ़ गए।
पुलिस ने बताया कि इस संबंध में बारादरी थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब वांछित आरोपी आरिफ उर्फ रसूल शाह की तलाश कर रही है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Also Read: कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन, सीतापुर में कार्यकर्ताओं ने मंत्री के घर के बाहर गाई रामधुन

