भारत-पाक मैच पर अखिलेश यादव का बड़ा बयान, बोले- बीजेपी के लोग नहीं कर पाएंगे शहीदों के परिजनों का सामना
Sandesh Wahak Digital Desk: समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने हाल ही में भारत और पाकिस्तान के बीच हुए एशिया कप क्रिकेट मैच को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि यह सवाल मुझसे नहीं, बल्कि उन शहीदों के परिजनों से पूछा जाना चाहिए, जो पहलगाम हमले में शहीद हुए थे।
सोमवार को सपा मुख्यालय में मीडिया को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव से पूछा गया कि पाकिस्तान प्रायोजित आतंकी हमले के बाद भी दोनों देशों के बीच मैच क्यों हुआ, जबकि बीजेपी के नेता पाकिस्तानी क्रिकेटरों के साथ हंसते-गाते दिख रहे थे? इस पर अखिलेश ने कहा यह सवाल बीजेपी के लोगों से पूछना चाहिए। विदेश नीति के मामले बहुत संवेदनशील होते हैं और बीजेपी के लोग शहीदों के परिजनों का सामना नहीं कर पाएंगे।
पुलिस और बीजेपी पर भी साधा निशाना
एक अन्य सवाल के जवाब में अखिलेश यादव ने प्रदेश की पुलिस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में पुलिस बेलगाम हो गई है और वह सरकार के नियंत्रण में नहीं है। यही कारण है कि पुलिस की पिटाई से मौत के मामले लगातार सामने आ रहे हैं।
गाजीपुर में पुलिस की पिटाई से हुई बीजेपी कार्यकर्ता की मौत के मामले पर उन्होंने कहा, “हम तो पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए तैयार थे, लेकिन पता चला है कि पीड़ित परिवार और सरकार के बीच समझौता हो गया है। जब पीड़ित ही समझौता कर ले तो हम क्या कर सकते हैं?”

