Siddharthnagar News: अफवाहों से बचने और ड्रोन की जानकारी देने की अपील, DIG बस्ती ने लगाई जनचौपाल
Sandesh Wahak Digital Desk: अफवाहों और संदिग्ध गतिविधियों को लेकर बस्ती रेंज के डीआईजी संजीव त्यागी ने सिद्धार्थनगर में जनता से सीधा संवाद किया। मंगलवार को सिद्धार्थनगर के सनई गांव में एक जनचौपाल लगाई गई, जिसमें डीआईजी त्यागी के साथ-साथ एसपी डॉ. अभिषेक महाजन भी मौजूद थे। इस जनचौपाल का मकसद लोगों की समस्याओं को सुनना और ड्रोन तथा चोरी से जुड़ी अफवाहों के बारे में उन्हें जागरूक करना था।

ड्रोन सुरक्षा नीति पर दी जानकारी
डीआईजी त्यागी ने लोगों को उत्तर प्रदेश सरकार की ‘ड्रोन प्रचालन सुरक्षा नीति-2023’ के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि ड्रोन उड़ाने से पहले संबंधित थाने में रजिस्ट्रेशन और अनुमति लेना अनिवार्य है। अगर कोई बिना अनुमति के ड्रोन उड़ाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, वस्तु या ड्रोन की उड़ान की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

पुलिस को दिए निर्देश
डीआईजी ने पुलिस अधिकारियों को भी कई अहम निर्देश दिए। उन्होंने एसपी सिद्धार्थनगर को कहा कि सभी थानों में प्रभावी निगरानी रखी जाए और एलआईयू को सक्रिय किया जाए। रात्रि गश्त और चेकिंग अभियान को और भी मजबूत बनाया जाए। ड्रोन से जुड़ी किसी भी सूचना पर तुरंत कार्रवाई की जाए। सोशल मीडिया और अफवाहों पर लगातार नजर रखी जाए। इस जनचौपाल में पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।
रिपोर्ट: जाकिर खान
Also Read: सिद्धार्थनगर में शिक्षकों का प्रदर्शन, झमाझम बारिश में भीगते हुए TET की अनिवार्यता का किया विरोध

