सुभाष चौक में पुराना मकान गिरा, एक महिला की मौत, बचाव दल की देरी से गुस्सा

Sandesh Wahak Digital Desk: जयपुर में जर्जर इमारतों का खतरा थमने का नाम नहीं ले रहा। गुरुवार सुबह सुभाष चौक थाना क्षेत्र में एक पुराना मकान ढह गया, जिससे दो महिलाएं मलबे के नीचे दब गईं। इस हादसे में 60 वर्षीय धन्नीबाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सुनीता (35) के पैर और चेहरे पर चोटें आईं।

परिवार के सदस्यों ने बताया कि हादसे की सूचना सुबह 7 बजे ही दे दी गई थी, लेकिन बचाव दल करीब 2 घंटे बाद, यानी सुबह 9 बजे पहुंचा। स्थानीय लोगों में इस देरी को लेकर काफी गुस्सा है। जिस समय यह हादसा हुआ, घर के दो बच्चे बाहर खेल रहे थे, जिससे वे बाल-बाल बच गए। स्थानीय निवासी प्रताप सिंह और घनश्याम सोनी ने बताया कि मलबे में दबी सुनीता मदद के लिए लगातार चिल्ला रही थी, लेकिन मदद समय पर नहीं पहुंची।

पुरानी घटनाओं से सबक नहीं

कुछ दिन पहले भी इसी इलाके में एक पुरानी हवेली ढह गई थी, जिसमें एक पिता और उनकी बेटी की मौत हो गई थी। उस घटना के बाद जयपुर नगर निगम ने 48 जर्जर इमारतों की सूची तैयार की थी और 8 भवनों को सील भी किया था। लेकिन, इस ताजा हादसे ने एक बार फिर नगर निगम की कार्रवाई पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

हवामहल जोन की उपायुक्त सीमा चौधरी ने बताया कि जर्जर इमारतों के मालिकों को नोटिस जारी कर दिए गए हैं और लोगों से असुरक्षित मकान खाली करने की अपील की जा रही है।

Also Read: UP में 10 जिलों के SP समेत 16 IPS अधिकारियों का तबादला

Get real time updates directly on you device, subscribe now.