Varanasi News: कोर्ट केस के बीच पैतृक भूमि पर कब्जे की कोशिश, पीड़ित ने लगाई न्याय की गुहार
Sandesh Wahak Digital Desk: वाराणसी जिले के ग्राम चत्तुरपुर निवासी ओमप्रकाश मिश्रा ने शनिवार को तहसील दिवस के दौरान पिंडरा तहसील में एक प्रार्थना पत्र सौंपते हुए अपनी पैतृक भूमि पर अवैध कब्जे की कोशिश का गंभीर आरोप लगाया है।
प्रार्थी के अनुसार, उनकी पैतृक भूमि — आराजी संख्या 305 ख, रकबा 40 डिसमिल — से संबंधित विवाद वर्तमान में माननीय उच्च न्यायालय में विचाराधीन है और इस मामले में अदालत की ओर से नोटिस भी जारी किया जा चुका है।

इसके बावजूद, गांव के कुछ स्थानीय दबंग व्यक्तियों — जिनमें गौरी यादव, सुलाब यादव, गुलाब यादव, अवधेश यादव और राहुल यादव के नाम शामिल हैं — पर आरोप है कि वे ट्रैक्टर से मिट्टी भराई और ईंट बिछाकर कब्जे की कोशिश कर रहे हैं।
ओमप्रकाश मिश्रा का कहना है कि यह गतिविधि न केवल उनकी कानूनी रूप से विवादित पैतृक भूमि पर अतिक्रमण का प्रयास है, बल्कि इससे गांव में शांति व्यवस्था भंग होने की भी आशंका है।
प्रार्थी ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर अवैध निर्माण कार्य रोकने और भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने यह भी आग्रह किया कि न्यायालय में मामला लंबित रहने के बावजूद इस प्रकार की हरकतों को रोका जाए, ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे।
रिपोर्ट- मदन मुरारी पाठक
Also Read: लखनऊ में बार के बाहर चली गोली, पुलिस ने 4 लोगों को किया गिरफ्तार

