Balrampur News: मनकी गौशाला की दुर्दशा पर उठ रहे सवाल, ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी
Balrampur News: उत्तर प्रदेश में गौवंश संरक्षण योजनाओं पर करोड़ों रुपये खर्च किए जाने के बावजूद, बलरामपुर की मनकी गौशाला की बदहाली ने प्रशासन और अधिकारियों की पोल खोल दी है। विकासखंड गैसड़ी की यह गौशाला, जो बेसहारा पशुओं के लिए बनाई गई थी, आज खुद उपेक्षा और कुव्यवस्था का प्रतीक बन चुकी है।
भूख-बीमारी से मर रहीं गायें
ग्रामीणों ने बताया कि गौशाला के अंदर गंदगी और दुर्गंध फैली हुई है। गौवंशों के लिए न तो चारे की उचित व्यवस्था है और न ही पीने के पानी का इंतजाम। भूसे और हरे चारे के अभाव में कई पशु लगातार कमजोर हो रहे हैं, कुछ तो बीमार हालत में पड़े हैं, और कुछ की मौत भी हो चुकी है। ग्रामीणों का सीधा आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही के चलते गौशाला अपने मूल उद्देश्य को पूरी तरह खो चुकी है।

इस गंभीर स्थिति पर जब खंड विकास अधिकारी (BDO) गैसड़ी, नंदकुमार पांडे से सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा कि उन्हें मामले की जानकारी मीडिया के माध्यम से मिली है। उन्होंने यह कहकर कार्रवाई टाल दी कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में व्यस्तता के कारण तत्काल समाधान नहीं हो सका, लेकिन अगले दिन मौके पर पहुँचकर स्थिति को सुधारा जाएगा।
मनकी गौशाला की यह तस्वीर शासन के गौवंश संरक्षण के दावों पर सवाल खड़ा करती है। ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि हालात जल्द नहीं सुधरे तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे, जो शासन-प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती बन सकती है।
रिपोर्ट: योगेंद्र त्रिपाठी

